झारखण्डराज्य

झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर,10 जिलों में शीतलहर; कहां सबसे कम तापमान

रांची: पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण के उपरी हिस्से से आ रहीं नम हवाओं से आधा झारखंड जहां घने कोहरे की चपेट में है, वहीं राज्य के आधे हिस्से के लोग शीतलहर की वजह से कनकनी झेल रहे हैं। कुछ जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री तक नीचे है। 10 जिलों का पारा गुरुवार को 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। बीएयू, रांची मौसम केंद्र के अनुसार, रांची जिले के कांके का पारा गुरुवार को 3.2 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग रांची ने अगले दो दिन शुक्रवार और शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों में घने कुहासे का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, गिरिडीह, कोडरमा समेत संताल के सभी जिले शामिल हैं। वहीं रांची और राज्य के शेष भागों में सुबह के दौरान मध्यम स्तर का कोहरा रहेगा।

उत्तरी भाग में दृश्यता 400 मीटर रही
रांची में कुहासे की वजह से दृश्यता में पिछले 24 घंटों की तुलना में 100 मीटर की कमी आई। यहां दृश्यता 500 मीटर की रही। वहीं जमशेदपुर की दृश्यता 700 मीटर रही। जबकि राज्य के पलामू से लेकर संताल समेत राज्य के उत्तरी भागों में दृश्यता 400 मीटर के करीब रही। अगले दो दिनों के बाद इसमें कमी आने का अनुमान है।

14 विमान विलंब से रांची पहुंचे
कुहासे के कारण गुरुवार को सुबह से रात तक 14 विमान देर से रांची आए और गए। इनमें दिल्ली-रांची आनेवाला इंडिगो का विमान 3.30 घंटे, हैदराबाद-रांची एक घंटे, बेंगलुरु-रांची दो घंटे, मुंबई-रांची सवा घंटे, पटना-रांची एक घंटे, कोलकाता-रांची एक घंटे, पुणे-रांची विमान एक घंटे समेत कई अन्य विमान देर से आने जाने वाले में शामिल हैं।

झारखंड के दस जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे
राज्य के कुछ जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे है। 10 जिलों का पारा गुरुवार को 10 डिग्री से कम रहा। गुमला में 6.6, लोहरदगा में 6.8, खूंटी में 7.5, लातेहार में 7.7 डिग्री, गढ़वा में 8, मेदिनीनगर में 8.1, सिमडेगा में 8.5, हजारीबाग में 8.7, रांची का 9.1 (इनमें कांके का 3.2) और बोकारो में 9.5 डिग्री सेल्सियस। रहा।

Related Articles

Back to top button