राष्ट्रीय

नितिन नबीन को मिली Z कैटेगरी सुरक्षा, आज संभालेंगे भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद—हेडक्वार्टर पर जुटे दिग्गज

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज औपचारिक रूप से पदभार संभालेंगे। गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें Z कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। इसी बीच भाजपा मुख्यालय पर वरिष्ठ नेता और दिग्गज नेता पहुंचने लगे हैं।

11:30 बजे होगा पदभार ग्रहण
सूत्रों के अनुसार सुबह 11:30 बजे भाजपा मुख्यालय में ही नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कराया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राज्य भाजपा अध्यक्ष और संगठन मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

मंदिर और गुरुद्वारे में टेका माथा, लिया आशीर्वाद
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद संभालने से पहले नितिन नबीन ने सुबह मंदिरों और गुरुद्वारों में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। उन्होंने सबसे पहले सुबह आठ बजे दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में दर्शन किए और फिर वाल्मीकि मंदिर में जाकर पूजा की। इसके बाद कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में माथा टेका और फिर बंगला साहिब गुरुद्वारे में जाकर अरदास की।

37 नामांकन पत्रों के साथ निर्विरोध बने राष्ट्रीय अध्यक्ष
निर्वाचन अधिकारी लक्ष्मण ने बताया कि नितिन नबीन को पहले कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और बीते दिन उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा था। उनके प्रस्तावक जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह रहे। किसी और के नामांकन न आने पर शाम को उन्हें निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के लिए कुल 37 नामांकन पत्र प्राप्त किए।

45 साल के नितिन नबीन होंगे पार्टी के सबसे युवा अध्यक्ष
45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे और पार्टी के इतिहास में अब तक के सबसे युवा अध्यक्ष भी माने जा रहे हैं। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दिए निर्देश
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन भाजपा के इतिहास के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष हैं, जबकि पार्टी में उनसे उम्र में बड़े कई मंत्री और सदस्य मौजूद हैं। इन सभी को पहले ही निर्देश दे दिए गए हैं कि नितिन नबीन को उनकी उम्र के आधार पर नहीं आंकना चाहिए, बल्कि उनके साथ व्यवहार करते समय पद और प्रोटोकॉल का सम्मान करना होगा।

Related Articles

Back to top button