राज्य

जम्मू-कश्मीर में आज पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम का मिजाज, भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, भूस्खलन का खतरा

जम्मू-कश्मीर में बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ था, जिसके चलते दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। केंद्रशासित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चल रहा है। हालांकि रात के समय ठंड का असर अब भी बना हुआ है और घाटी के सभी हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 जनवरी के बीच एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर को प्रभावित करेगा। इसके चलते कई इलाकों में भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन का खतरा
पश्चिमी विक्षोभ के असर से चिनाब वैली, पीर पंजाल रेंज और दक्षिण कश्मीर के कई जिलों में अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश और बर्फबारी के चलते संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने का खतरा बना रहेगा।

घाटी में अभी तक शुष्क रहा मौसम
बुधवार को भी जम्मू-कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ बना रहा। गुलमर्ग में दिन और रात दोनों समय कड़ाके की ठंड जारी रही। साफ मौसम के चलते दिन के समय ठंड का अहसास कुछ कम रहा, लेकिन रात में तापमान गिरने से ठिठुरन बनी हुई है।

श्रीनगर से जम्मू तक तापमान का हाल
राजधानी श्रीनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में दिन का तापमान 11.2 और गुलमर्ग में 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जम्मू में बीते कई दिनों से कोहरे से राहत बनी हुई है। यहां मौसम साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 22.0 और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button