राष्ट्रीय

दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में अगले 3 दिन तक ठंड और बारिश की डबल मार, ओले और तेज हवाओं के साथ बिगड़ेगा मौसम

उत्तर भारत में मौसम ने फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 31 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा। दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ घना कोहरा लोगों के लिए परेशानी का सबब बनेगा।

बारिश और आंधी का अनुमान

दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से 0.5 डिग्री अधिक है। हालांकि यह राहत अस्थायी है। IMD ने अगले तीन दिनों में तेज हवाओं और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

पालम में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री

सफदरजंग मॉनिटरिंग सेंटर में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। रिज में अधिकतम तापमान 23 डिग्री, लोधी रोड 22.1 डिग्री, आया नगर 21.6 डिग्री और पालम में 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान पालम में 6.7, लोधी रोड और आया नगर में 7.6 तथा रिज में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

आसमान में छाए रहेंगे बादल

IMD के अनुसार, शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा रहेगा। दोपहर या शाम तक सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे।

तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, रात में गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। शनिवार को अधिकतम तापमान 20-22 डिग्री और न्यूनतम 6-8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

इन राज्यों में भी होगी बारिश

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-NCR, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 31 जनवरी की रात से 2 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और छिटपुट ओले पड़ने की संभावना है। IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है।

दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI)

वहीं, शुक्रवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 253 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। राजधानी के 22 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ और चार केंद्रों पर ‘बहुत खराब’ रही। वजीरपुर में AQI सबसे अधिक 318 दर्ज किया गया। बारिश के बावजूद आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता और बिगड़ सकती है। IMD की चेतावनी के अनुसार 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने का अनुमान है।


Related Articles

Back to top button