राष्ट्रीय

Budget 2026 पर टिकी देश की नजरें, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इन चीजों पर दे सकती है बड़ी राहत!

नई दिल्ली: देश के करोड़ों लोगों का इंतजार आज खत्म होने वाला है। संसद में आज देश का आम बजट पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे लोकसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का आम बजट प्रस्तुत करेंगी। यह मौका खास है, क्योंकि वित्त मंत्री के रूप में यह उनका लगातार नौवां बजट होगा, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। बजट पेश करने से पहले निर्मला सीतारमण राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को बजट की जानकारी देंगी। इसके बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में बजट प्रस्तावों को औपचारिक मंजूरी दी जाएगी। करीब डेढ़ घंटे तक चलने वाले इस बजट भाषण पर नौकरीपेशा, किसान, व्यापारी और निवेशक हर वर्ग की नजरें टिकी रहेंगी।

आम आदमी को क्या मिलेगा?
हर बार की तरह इस बजट से सबसे बड़ा सवाल टैक्स राहत को लेकर है। फिलहाल संकेत यही हैं कि इनकम टैक्स में बड़ी छूट की उम्मीद कम है। हालांकि, सरकार रिटायरमेंट प्लानिंग को मजबूत करने के लिए नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) को और आकर्षक बना सकती है। इसके अलावा, आम निवेशकों के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) में निवेश पर टैक्स से जुड़ी कुछ राहत की घोषणा संभव मानी जा रही है। शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव को देखते हुए सरकार लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स (LTCG) और सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में बदलाव पर भी विचार कर सकती है, ताकि विदेशी निवेशकों का भरोसा बना रहे। वहीं दूसरी ओर, सोना-चांदी खरीदने वालों को झटका लग सकता है, क्योंकि इनके आयात शुल्क में बढ़ोतरी की अटकलें भी सामने आ रही हैं।

रेल यात्रियों और पर्यटन को मिल सकती है राहत
रेल यात्रियों के लिए यह बजट अहम हो सकता है। चर्चा है कि सरकार करीब 50 नई ट्रेनों की शुरुआत कर सकती है, जिनमें वंदे भारत, वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत ट्रेनें शामिल होंगी। इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा पर भी सरकार का फोकस रहेगा। रेल हादसों को रोकने के लिए ‘कवच 4.0’ सिस्टम और ट्रैक सेफ्टी के लिए बजट बढ़ाया जा सकता है। पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए ‘Incredible India 3.0’ अभियान की घोषणा संभव है, जिसका मकसद विदेशी पर्यटकों को भारत की ओर आकर्षित करना होगा। साथ ही, ‘उड़ान’ योजना के अगले चरण का रोडमैप भी पेश किया जा सकता है, जिससे छोटे शहरों की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हो सके।

टेक्नोलॉजी और आत्मनिर्भर भारत पर जोर
बजट 2026 में ‘स्वदेशी’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ बड़ी थीम के रूप में उभर सकती है। रक्षा क्षेत्र के बजट में इजाफा कर सेना के आधुनिकीकरण और घरेलू हथियार निर्माण को बढ़ावा दिया जा सकता है। टेक्नोलॉजी सेक्टर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डीप-टेक स्टार्टअप्स और डेटा सेंटर्स के लिए नए निवेश और योजनाओं की उम्मीद है। मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करने के लिए मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स से जुड़ी PLI स्कीम का दायरा बढ़ाया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button