Bihar Weather Update: बिहार में बर्फीली पछुआ का कहर, 11 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी

बिहार में मौसम का मिजाज लगातार तल्ख बना हुआ है। राज्य में पछुआ हवाओं के साथ कोहरे ने कनकनी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बर्फीली हवाओं के चलते दिन और रात दोनों समय ठंड का असर बना रहेगा। इसे देखते हुए अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के 11 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन 11 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद में घने कोहरे की संभावना जताई है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी पछुआ
मौसम विभाग के मुताबिक पछुआ हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके कारण कनकनी और बढ़ेगी। अगले दो दिनों में रात का तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान 22 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट के आसार
आने वाले दो से तीन दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। तापमान गिरने के साथ ही ठंड का असर और तेज होगा, जिससे लोगों को सर्द हवाओं का सामना करना पड़ेगा।
भागलपुर में सबसे कम तापमान, गया में बेहद कम दृश्यता
बुधवार को भागलपुर के सबौर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया में दृश्यता घटकर मात्र 100 मीटर तक पहुंच गई, जिससे आवागमन में दिक्कतें बढ़ीं।
पटना और आसपास सुबह-शाम बढ़ी ठंड
राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मोतिहारी में 27.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड हुआ। पटना और आसपास के इलाकों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ने से सुबह और शाम हल्की से मध्यम ठंड का प्रभाव बना रहा।



