हरियाणा

हरियाणा में अगले 24 घंटे चुनौतीपूर्ण, घने कोहरे का अलर्ट जारी; किसानों के लिए खास एडवाइजरी

हिसार। हरियाणा में मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के अधिकांश जिलों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। पानीपत, भिवानी, करनाल, हिसार, चरखी दादरी और कैथल समेत कई जिलों में दृश्यता बेहद कम रही। हालात ऐसे रहे कि कई स्थानों पर विजिबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच गई, जिससे हाईवे और मुख्य सड़कों पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई।

हाईवे पर धीमी रफ्तार, लाइट जलाकर चलने को मजबूर हुए वाहन चालक
घने कोहरे के कारण सुबह के समय सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया। कई इलाकों में वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। कोहरे की वजह से खासकर सुबह और देर रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।

अगले 24 घंटे कोहरा बरकरार, बारिश की संभावना नहीं
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटों तक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की वर्षा की संभावना नहीं जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का असर बढ़ा है, जिसके चलते रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

10 फरवरी के बाद धीरे-धीरे बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के बाद भी हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा। हालांकि 10 फरवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। बुधवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

किसानों के लिए कृषि वैज्ञानिकों की अहम सलाह
कोहरे और ठंड को देखते हुए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। वैज्ञानिकों ने सरसों की फसल में सफेद रतुआ और अल्टरनेरिया रोग पर लगातार निगरानी रखने की सलाह दी है। वहीं गेहूं और जौ की फसलों में आवश्यकता अनुसार हल्की सिंचाई करने और पाले से बचाव के उपाय अपनाने पर जोर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button