झारखण्ड

झारखंड से 1,670 हज यात्री करेंगे पवित्र सफर, 7 फरवरी से मेडिकल जांच और 8 से टीकाकरण शुरू

रांची। इस वर्ष झारखंड से कुल 1,670 हज यात्री पवित्र हज यात्रा पर जाएंगे। इन यात्रियों की चिकित्सीय जांच की प्रक्रिया 7 फरवरी से शुरू होगी, जबकि 8 फरवरी से टीकाकरण कराया जाएगा। इसे लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह झारखंड राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

हज यात्रियों को बेहतर और सम्मानजनक सुविधाओं का आश्वासन

बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार हज पर जाने वाले सभी हाजियों को बेहतर, सुचारु और सम्मानजनक सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी स्तर पर हज यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।

मेडिकल जांच के बाद ही आगे की प्रक्रिया

मंत्री ने स्पष्ट किया कि हज यात्रियों की चिकित्सीय जांच के दौरान सभी आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएंगे। जांच पूरी होने के बाद ही टीकाकरण और वीजा से जुड़ी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और संवेदनशील है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।

हर जिले में नोडल पदाधिकारी तैनात करने के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी जिलों के सिविल सर्जनों की बैठक शीघ्र आयोजित की जाए और स्पष्ट गाइडलाइन जारी की जाए, ताकि हज यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में एक नोडल पदाधिकारी नामित किया जाए, जो चिकित्सीय जांच और टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा।

केंद्र की कटौती से निराशा, लेकिन राज्य देगा हर सुविधा

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हज कमेटियों के संसाधनों में की गई कटौती से हाजियों में निराशा है, लेकिन राज्य सरकार अपनी ओर से यात्रियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने रांची से इमिग्रेशन प्वाइंट हटाकर कोलकाता स्थानांतरित किए जाने पर भी चिंता जताई।

इमिग्रेशन प्वाइंट को लेकर मुंबई में होगी पहल

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस मुद्दे पर हज कमेटी ऑफ इंडिया से बातचीत हो चुकी है और जल्द ही मुंबई जाकर इस संबंध में ठोस पहल की जाएगी, ताकि झारखंड के हज यात्रियों को अतिरिक्त परेशानियों से बचाया जा सके।

हज यात्रियों को मिलेगी निश्शुल्क स्वास्थ्य सुविधा

मंत्री ने कहा कि जिस तरह देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाती हैं, उसी तरह हज यात्रियों को भी निश्शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हज यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण पूरी तरह मुफ्त होगा।


Related Articles

Back to top button