
दिल्ली AIIMS में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 7.46 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार; दो आरोपी फरार
गोरखपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) दिल्ली में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। गोरखपुर पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके दो अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार महिला की पहचान देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के जोगम गांव निवासी पार्वती उर्फ मुस्कान के रूप में हुई है। वह गोरखपुर के कूड़ाघाट विशुनपुरा इलाके में किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हैं।
AIIMS में नौकरी का झांसा देकर रची गई ठगी की साजिश
मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर बिछिया निवासी संगम से जुड़ा है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मुलाकात झंगहा थाना क्षेत्र के राजधानी गांव निवासी अतुल शर्मा से हुई थी। अतुल ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए दिल्ली AIIMS में सरकारी नौकरी लगवाने का दावा किया।
जब संगम ने खुद नौकरी करने से इनकार किया तो आरोपित ने उसके परिवार के किसी सदस्य को नौकरी दिलाने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद संगम अपनी बहन चांदनी की नौकरी के लिए तैयार हो गया।
कई किस्तों में खातों में ट्रांसफर कराए गए पैसे
आरोप है कि अतुल शर्मा के कहने पर 6 नवंबर 2023 को पहली बार 12 हजार रुपये एक महिला के खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में कई किस्तों में लगातार रकम भेजी गई। जांच में सामने आया कि यह रकम अतुल शर्मा के निर्देश पर पार्वती उर्फ मुस्कान विश्वकर्मा और साजल पांडेय के खातों में डलवाई गई।
शाहपुर थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह के मुताबिक, कुल 7 लाख 46 हजार रुपये आरोपितों के खातों में ट्रांसफर किए गए थे।
फर्जी नियुक्ति पत्र और ज्वाइनिंग लेटर सौंपे गए
रुपये लेने के बाद आरोपितों ने पीड़ित की बहन चांदनी के नाम से AIIMS का फर्जी नियुक्ति पत्र, ज्वाइनिंग लेटर और अन्य कूटरचित दस्तावेज सौंप दिए। इस दौरान अवनीश सिंह नाम का एक अन्य सहयोगी लगातार यह भरोसा दिलाता रहा कि जल्द ही नई दिल्ली में नियुक्ति और ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी।
जब पीड़ित अपनी बहन के साथ दिल्ली पहुंचा तो AIIMS अधिकारियों ने ज्वाइनिंग लेटर को फर्जी करार दे दिया।
पैसे मांगने पर दी गई धमकी, जांच जारी
ठगी का खुलासा होने के बाद जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपितों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने गोरखपुर पुलिस से शिकायत की।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अतुल शर्मा और अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



