मध्य प्रदेशराज्य

भोपाल में राह चलती युवतियों पर कटर से हमला करने वाला साइको गिरफ्तार, 20 हजार का था इनाम

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal) में राह चलती युवतियों (Girls walking) पर धारदार हथियार से हमला करने वाले एक इनामी आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाता था। पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘सीरियल कटर’ (‘Serial Cutter’) की तलाश में पुलिस ने करीब 900 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही लगभग 600 पुराने बदमाशों से पूछताछ की गई, जबकि 100 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच की गई। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की बाइक का नंबर सामने आया, जो जांच की सबसे अहम कड़ी साबित हुआ। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच सकी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एसीपी) अवधेश गोस्वामी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर जिले के राहतगढ़ निवासी देवेंद्र अहिरवार (37) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी थी। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने 29 जनवरी की रात पिपलानी थाना क्षेत्र में राह चलती तीन महिलाओं पर और अयोध्या नगर क्षेत्र में एक युवती पर पेपर कटर से हमला किया था।

घटना की जानकारी मिलते ही पिपलानी और अयोध्या नगर थानों में अलग-अलग चार प्रकरण दर्ज किए गए थे। एसीपी गोस्वामी ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और इससे पहले वह सागर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की चार घटनाओं को अंजाम दे चुका था, हालांकि उन मामलों का खुलासा नहीं हो सका था। इसी कारण उसके हौसले बढ़ गए और उसने भोपाल में भी वारदातें शुरू कर दीं।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अपराध शाखा की 40 विशेष टीमें गठित की गई थीं। करीब 150 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्य जुटाने और अन्य जांच कार्यों में लगातार जुटे रहे।

अधिकारियों ने बताया कि भोपाल में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए घर में छिप गया था। बुधवार रात जब वह एक बार फिर किसी घटना को अंजाम देने की नीयत से बाहर निकला, तब पुलिस पहले से सड़कों पर मुस्तैद थी। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को पुलिस ने अयोध्या बायपास स्थित छोला मंदिर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशीले पदार्थों का सेवन करता था और अश्लील कंटेंट देखने का आदी था। पूछताछ के दौरान उसने नशा करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button