यमकेश्वर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को खुले दिल से सराहा। उन्होंने कहा कि विकास का असली अर्थ केवल भौतिक प्रगति नहीं, बल्कि संस्कारों, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के साथ संतुलित ढंग से आगे बढ़ना है। देवभूमि आज धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है, जो अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
यमकेश्वर में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण
योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जनता इंटर कॉलेज, यमकेश्वर, पौड़ी के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण समारोह में मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना की रजत जयंती के बाद विकास के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नीति विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में सक्षम बनाने पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि गुरुकुल परंपरा से प्रेरित भारतीय शिक्षा प्रणाली सदैव संस्कार, आत्मनिर्भरता और परिश्रम पर आधारित रही है, और आज उसी परंपरा को आधुनिक स्वरूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
कोरोना संकट में उत्तर प्रदेश की मदद का उदाहरण
कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने कोरोना महामारी के समय का भी उदाहरण साझा किया। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान राजस्थान के कोटा सहित अन्य स्थानों में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई छात्र फंस गए थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सहायता के लिए अनुरोध किया, जिसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड के छात्रों को सुरक्षित रूप से देहरादून और हल्द्वानी तक पहुंचाया।
गांवों का महत्व और बचपन की यादें
योगी आदित्यनाथ ने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि गांव हमारी सभ्यता की जड़ हैं। मूल जितना गहरा होगा, पेड़ उतना ही फलता-फूलता है। उन्होंने कहा कि तब सरकारों पर निर्भरता नगण्य थी, जीवन सरल और खुशहाल था। आज भौतिकता से उपजी नकारात्मकता परिवार और समाज में दिखाई देती है, जिसे हमें संतुलित करना होगा।
धामी बोले- योगी आदित्यनाथ जीवन प्रेरणा हैं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का जीवन सेवा, त्याग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है। उनका कुशल नेतृत्व सुरक्षा, सुशासन और विकास में देश के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है।
समारोह में अन्य प्रमुख शामिल
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।




