अब ट्रेन की छत से देखें कश्मीर के नजारें, विस्टाडोम कोच के साथ यात्रा का अनोखा अनुभव; किराया 1,265 रुपये

जम्मू। कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरियों का मज़ा अब सिर्फ खिड़की से नहीं, बल्कि ट्रेन की छत और विशाल कांच की खिड़कियों से लिया जा सकेगा। उत्तर रेलवे ने बड़गाम-कटड़ा विशेष ट्रेन (संख्या 04688/04687) में विस्टाडोम कोच जोड़कर यात्रियों को 360 डिग्री से घाटी के बर्फीले पहाड़ों, नदियों और सुरम्य टनलों का नजारा देखने का मौका दिया है।
यह पहल जम्मू मंडल के तहत यात्रियों की सुविधा और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए की गई है। पहले यह ट्रेन बड़गाम से बनिहाल तक संचालित होती थी, लेकिन अब इसे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा तक बढ़ा दिया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मुताबिक विस्टाडोम कोच यात्रियों की यात्रा को आरामदायक और यादगार बनाएगा।
360 डिग्री नजारे और पर्यटन को बढ़ावा
विस्टाडोम कोच की सबसे बड़ी खासियत इसकी चौड़ी कांच की खिड़कियां और ग्लास छत है। यात्रियों को ट्रेन के बाहर फैले प्राकृतिक नजारों का पूरा अनुभव मिलेगा। यह कोच दार्जिलिंग और अन्य पर्यटन स्थलों में पहले से चलाया जा रहा है और कश्मीर में इसका जुड़ना पर्यटकों के लिए नई सुविधा है।
किराया और समय सारणी
बड़गाम-कटड़ा विशेष रेलगाड़ी सोमवार से शनिवार तक चलती है। बड़गाम से ट्रेन सुबह 7:20 बजे चलती है और दोपहर 1 बजे कटड़ा पहुंचती है। वहीं कटड़ा से ट्रेन दोपहर 1:45 बजे चलकर रात 8 बजे बड़गाम लौटती है। विस्टाडोम कोच में कुल 29 सीट हैं और प्रति यात्री किराया 1,265 रुपये है।
इस अनोखे अनुभव से कश्मीर की यात्रा अब और रोमांचक और यादगार होने वाली है।



