राष्ट्रीय

मुंबई को आज मिलेगा नया मेयर: BMC में रितु तावडे बनेंगी BJP की पहली महिला महापौर, मुख्यालय के बाहर लगे भगवा पोस्टर्स

मुंबई महानगरपालिका में आज सत्ता परिवर्तन का ऐतिहासिक दिन है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में मेयर पद के लिए चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे आयोजित होगा। मेयर के चुनाव के तुरंत बाद डिप्टी मेयर का भी निर्वाचन किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार चुनाव निर्विरोध होने जा रहा है, क्योंकि किसी अन्य पार्टी ने अपने उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारे हैं। देश की सबसे अमीर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में शिवसेना (UBT) के लंबे प्रभाव के बाद बीजेपी अपना मेयर बनाने जा रही है, जिसे पार्टी एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के तौर पर देख रही है।

BMC मुख्यालय के बाहर जश्न का माहौल

रितु तावडे आज बीएमसी की पहली महिला बीजेपी मेयर बनने जा रही हैं। इस अवसर को पार्टी ने ऐतिहासिक बताते हुए बीएमसी मुख्यालय के बाहर बड़े-बड़े भगवा पोस्टर्स लगाए हैं। पोस्टर्स में इस दिन को ‘सुवर्ण अध्याय की शुरुआत’ बताया गया है। चुनाव से पहले ही मुख्यालय परिसर में राजनीतिक हलचल और उत्साह का माहौल नजर आ रहा है।

निर्विरोध चुनाव तय, बहुमत का गणित साफ

बीजेपी ने मेयर पद के लिए रितु तावडे को उम्मीदवार बनाया है, जबकि शिवसेना ने डिप्टी मेयर पद के लिए संजय घाडी को मैदान में उतारा है। दोनों उम्मीदवारों का निर्वाचित होना लगभग तय माना जा रहा है, क्योंकि सत्ताधारी गठबंधन के पास स्पष्ट बहुमत है। रितु तावडे वार्ड 132 से पार्षद हैं, जबकि संजय घाडी 15 जनवरी को हुए नगर निकाय चुनाव में वार्ड 5 से निर्वाचित हुए थे।

सीएम फडणवीस और दोनों डिप्टी सीएम रहेंगे मौजूद

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार दोपहर 12 बजे फोर्ट स्थित BMC मुख्यालय में होने वाले चुनाव में शामिल होंगे। महाराष्ट्र की नई और पहली महिला डिप्टी मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार का यह BMC मुख्यालय का पहला आधिकारिक दौरा होगा, जिससे कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है।

77वीं मेयर होंगी रितु तावडे, BJP की दूसरी मेयर

रितु तावडे मुंबई की 77वीं मेयर होंगी। वह इस पद पर पहुंचने वाली बीजेपी की दूसरी कॉर्पोरेटर हैं। इससे पहले डॉ. प्रभाकर पई 1982 से 1983 तक मेयर रहे थे, जो पार्टी की स्थापना के शुरुआती वर्षों में इस पद पर पहुंचे थे। 1997 में अविभाजित शिवसेना ने BMC पर कब्जा किया था और करीब 25 वर्षों तक सत्ता में रही। अब लगभग तीन दशकों बाद बीजेपी एक बार फिर बीएमसी की सत्ता में वापसी करने जा रही है।

227 सदस्यीय BMC में BJP सबसे बड़ी पार्टी

227 सदस्यीय बीएमसी में हालिया चुनाव में भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। शिवसेना को 29 सीटें मिलीं। सत्ताधारी गठबंधन के पास कुल 118 पार्षद हैं, जिससे उसने बहुमत के 114 के आंकड़े को पार कर लिया है और मेयर पद पर कब्जा करने की मजबूत स्थिति में है।

वहीं, शिवसेना (उबाठा) ने 65 सीटें जीतीं। उसके सहयोगी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को छह और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) को एक सीट मिली। कांग्रेस ने 24 सीटें, एआईएमआईएम ने आठ, एनसीपी (अजित पवार गुट) ने तीन और समाजवादी पार्टी ने दो सीटें हासिल कीं। नौ वर्षों के अंतराल के बाद हुए इस चुनाव में दो निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी रहे।

मुंबई की राजनीति में यह बदलाव केवल नेतृत्व परिवर्तन नहीं, बल्कि बीएमसी की सत्ता संरचना में बड़े बदलाव का संकेत भी माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button