उत्तर प्रदेशराज्य

रंगभरनी एकादशी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि छावनी में तब्दील, दो जोन–आठ सेक्टर और नो-फ्लाई जोन में होगी सुरक्षा

मथुरा। रंगभरनी एकादशी के अवसर पर 27 फरवरी को श्रीकृष्ण जन्मभूमि में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए जन्मभूमि परिसर और आसपास के क्षेत्र को दो जोन और आठ सेक्टर में बांटकर कड़ा सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

आगरा जोन से 1000 पुलिसकर्मी, दो कंपनी पीएसी की अतिरिक्त तैनाती
रंगभरनी एकादशी पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए आगरा जोन से करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। इसके साथ ही दो कंपनी अतिरिक्त प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) भी मौके पर तैनात रहेंगी। पहले से मौजूद सुरक्षा बलों के अलावा यह अतिरिक्त फोर्स भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील बिंदुओं की निगरानी करेगी।

नो-फ्लाई जोन घोषित, ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध
त्योहार के दौरान पूरे जन्मभूमि क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। किसी भी प्रकार के ड्रोन उड़ाने पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। छतों, ऊंची इमारतों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस टीमें तैनात रहकर हर गतिविधि पर नजर रखेंगी, ताकि किसी भी संदिग्ध हरकत को तुरंत रोका जा सके।

हर व्यक्ति और वाहन की सघन तलाशी, बहुस्तरीय चेकिंग
एसपी सुरक्षा राजकुमार अग्रवाल के अनुसार, जन्मभूमि परिसर के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की तलाशी ली जाएगी। पार्किंग स्थलों से लेकर प्रवेश द्वार तक बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। रेड, यलो और ग्रीन जोन की मौजूदा प्रणाली को और अधिक सख्ती के साथ लागू किया जाएगा।

छह जिलों से पुलिस बल, सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे जवान
सुरक्षा व्यवस्था के तहत आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस और अलीगढ़ से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन्हें अलग-अलग सेक्टरों में तैनात किया जाएगा, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा दोनों मोर्चों पर पूरी पकड़ बनी रहे। खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।

सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी
पूरे क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी 24 घंटे कंट्रोल रूम से की जाएगी। हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं, नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई
एसएसपी श्लोक कुमार ने स्पष्ट किया है कि रंगभरनी एकादशी के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ने के चलते इस बार पहले से कहीं अधिक कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के नाम पर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

Related Articles

Back to top button