झारखंड बजट सत्र से पहले सत्ता पक्ष की रणनीति तैयार, हेमंत सोरेन ने विधायकों को दिए सख्त निर्देश

रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र को लेकर मुख्यमंत्री सह गठबंधन विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष के विधायकों के साथ अहम बैठक कर सदन की रणनीति तय की। एटीआई में आयोजित इस बैठक में मंत्रियों और विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे पूरी तैयारी, आंकड़ों और तथ्यों के साथ सदन में उपस्थित रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां और जनकल्याणकारी कार्य हैं, जिन्हें बजट सत्र के दौरान मजबूती से रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले हर सवाल का सरकार तथ्यात्मक और ठोस जवाब देगी। साथ ही उन्होंने विपक्ष से अपेक्षा जताई कि वह सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष गैरजरूरी मुद्दों के जरिए सदन को बाधित करने की कोशिश करता है, तो सरकार भी पूरी मजबूती के साथ अपना पक्ष रखेगी।
बैठक में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, राजद कोटे से मंत्री संजय प्रसाद यादव समेत सत्ता पक्ष के कई मंत्री और विधायक मौजूद रहे।
हर सवाल का जवाब देने को तैयार : प्रदीप यादव
बैठक के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि सत्ता पक्ष के सभी विधायक और मंत्री पूरी तैयारी के साथ बजट सत्र में हिस्सा लेंगे। उन्होंने दावा किया कि सरकार हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार है और विपक्ष के पास फिलहाल कोई ठोस मुद्दा नहीं है।
वंदे मातरम मुद्दा बंगाल चुनाव से जुड़ा : राजेश कच्छप
कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वह मुद्दाविहीन हो चुका है और ‘वंदे मातरम’ जैसे विषयों को पश्चिम बंगाल चुनाव को ध्यान में रखकर उछाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी समय में ऐसे मुद्दों को हवा देती है। उन्होंने भरोसा जताया कि सत्ता पक्ष सदन में पूरी तरह तैयार रहेगा।
झारखंड के बकाए मुद्दे उठाएगी सरकार : हफीजुल हसन
मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि सत्ता पक्ष के सभी विधायक एकजुट हैं और विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट रुख अपनाएगी और झारखंड से जुड़े बकाए विषयों समेत अन्य महत्वपूर्ण मसलों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाएगी।



