दिल्ली के नंद नगरी में नाबालिग बेटे के झगड़े में बीच-बचाव करने गए पिता की गोली मारकर हत्या

पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नाबालिग बेटे के झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को सीने में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक 15 वर्षीय नाबालिग बेटे ने झगड़े के दौरान अपने माता-पिता को फोन कर मौके पर बुलाया था। आरोप है कि जैसे ही माता-पिता वहां पहुंचे, झगड़ा कर रहे युवक भड़क गए और अचानक फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे पिता के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान उमरदीन के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ नंद नगरी इलाके में रहते थे। परिवार में पत्नी राबिया, बेटा तहजीम और अन्य सदस्य शामिल हैं। तहजीम दसवीं कक्षा का छात्र है और उसकी बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। वह नंद नगरी बी-2 ब्लॉक में ट्यूशन पढ़ता है।
परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम करीब पांच बजे तहजीम ट्यूशन के बाद पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान ए ब्लॉक स्थित एक स्कूल के पास उसने देखा कि कुछ युवक उसके दो दोस्तों के साथ मारपीट कर रहे हैं। जब तहजीम ने दोस्तों को बचाने की कोशिश की तो आरोपी उसे भी घेरकर पीटने लगे। इसी बीच उसने अपने पिता को फोन कर पूरी जानकारी दी।
कुछ ही देर में माता-पिता मौके पर पहुंच गए और झगड़े को शांत कराने की कोशिश करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने पहले तीन राउंड हवाई फायरिंग की और फिर एक गोली उमरदीन के सीने में मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े, जबकि आरोपी फरार हो गए।
घायल अवस्था में उमरदीन को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने बताया कि 17 फरवरी को उमरदीन की शादी की 17वीं सालगिरह थी। घर में खुशी का माहौल था और चारों बेटियां रात के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी थीं। उमरदीन पेशे से ट्रक चालक थे और उसी दिन छुट्टी पर थे।
नंद नगरी थाना पुलिस ने हत्या समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि वारदात में शामिल कुछ आरोपी नाबालिग भी हो सकते हैं।



