
अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब में सिखों के पांचवें गुरु, गुरु अर्जन देव जी के गुरुपर्व के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दरबार साहिब पहुंचने लगे और दिनभर संगत का आना लगातार जारी रहा। पूरा वातावरण गुरबाणी की मधुर ध्वनि से गूंजता रहा, जहां श्रद्धालु माथा टेककर अरदास करते नजर आए।
पूरे परिसर में आध्यात्मिक माहौल, विशेष सजावट आकर्षण का केंद्र
गुरुपर्व के अवसर पर श्री हरिमंदिर साहिब परिसर को विशेष रूप से सजाया गया। दरबार साहिब के अंदर आकर्षक जलौ साहिब सजाए गए, जिससे आध्यात्मिक वातावरण और भी दिव्य हो उठा। श्रद्धालु पूरे अनुशासन के साथ गुरु घर में मत्था टेकते हुए परमात्मा का आशीर्वाद प्राप्त करते दिखे।
पवित्र सरोवर में स्नान को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह
देश-विदेश से पहुंची संगत ने पवित्र सरोवर में स्नान कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस दिन सरोवर में स्नान करने से मन को सुकून और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। बड़ी संख्या में लोग धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
श्रद्धालुओं के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
प्रशासन और प्रबंधक कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। जगह-जगह तैनात स्वयंसेवकों ने संगत को मार्गदर्शन दिया और भीड़ के बीच व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। इससे पूरे दिन श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारू रूप से चलता रहा।
शाम को दीपमाला और आतिशबाजी का भव्य आयोजन
गुरुपर्व के अवसर पर शाम को विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रहिरास साहिब के पाठ के बाद पूरे परिसर में दीपमाला की जाएगी, जिसमें एक लाख से अधिक दीप जलाकर हरिमंदिर साहिब को रोशनी से जगमगाया जाएगा। इसके साथ ही भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।
रात में दिखेगा अद्भुत नजारा
रंग-बिरंगी रोशनी से सजा श्री हरिमंदिर साहिब रात के समय और भी भव्य दिखाई देगा। दीपों की रोशनी और आतिशबाजी के बीच पावन परिसर का दृश्य बेहद मनमोहक होगा, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु देर रात तक मौजूद रहते हैं।



