पावर जनरेटिंग कंपनी के बिजनेस ट्रांसफार्मेशन का क्रियान्वयन करेगी ‘एक्सेंचर’

भोपाल: मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा बिजनेस ट्रांसफार्मेशन और डिजिटाइज़ेशन के लिए इंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (ईआरपी) क्रियान्वयन के लिये एक्सेंचर (Accenture) का चयन किया गया है। पावर जनरेटिंग कंपनी की ईआरपी परियोजना की शुरूआत गत दिवस एक समारोह में हुई। एक्सेंचर एक वैश्विक प्रबंधन परामर्श और पेशेवर सेवा फर्म है, जो रणनीति, परामर्श, डिजिटल, प्रौद्योगिकी और संचालन सेवाएँ प्रदान करती है। एक्सेंचर फॉर्च्युन ग्लोबल कंपनी है।विश्व की अग्रणी आईटी कंपनियों में से एक ‘एक्सेंचर’ को पावर जनरेशन सेक्टर में ईआरपी क्रियान्वयन का वृहद् अनुभव है।
पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने सफल ईआरपी क्रियान्वयन के लिए पावर जनरेटिंग कंपनी के परियोजना कार्यालय के सभी अभियंताओं एवं कार्मिक को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ईआरपी पावर जनरेटिंग कंपनी के लिए नींव का पत्थर साबित होगी। प्रबंध संचालक ने अभियंताओं और कार्मिकों का आह्वान किया कि वे पूर्ण जिम्मेदारी और कर्त्तव्यनिष्ठा से ईआरपी परियोजना को इसकी मंजिल तक पहुँचायें।
कार्यक्रम में डायरेक्टर कॉमर्शियल प्रतीश कुमार दुबे, कार्यपालक निदेशक बी. एल. नेवल और एक्सेंचर के एमडी मनोज चतुर्वेदी एवं पावर जनरेटिंग कंपनी के अभियंता उपस्थित थे।



