उत्तर प्रदेशराज्य

प्रशासन ने सरकारी जमीन पर चलाया बुलडोजर, जनता महा विद्यालय का अवैध निर्माण गिराया

औरैया : जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के सेहुद ग्राम सभा में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की। सरकारी जमीन पर बने जनता महा विद्यालय के अवैध निर्माण को हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया। यह कार्रवाई सरकारी भूमि को भू-माफियाओं और अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए की गई। जनता महा विद्यालय द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज फर्जी पाए गए। प्रशासनिक जांच में पाया गया कि विद्यालय ने ग्राम सभा की ऊसर जमीन पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा कर लिया था। प्रशासन ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और विद्यालय की बाउंड्री और अन्य अवैध निर्माण को गिरा दिया।

दिबियापुर थाने में कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें धारा 420 (धोखाधड़ी), 423 (झूठे दस्तावेज), 467 (फर्जी दस्तावेज), 468 (धोखाधड़ी के लिए दस्तावेज तैयार करना), 471 (फर्जी दस्तावेज का उपयोग) और 120B (साजिश) शामिल हैं। सार्वजनिक संपत्ति निवारण अधिनियम 1984 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

जिलाधिकारी डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि सेहुद गांव में कई अनियमितताएँ पाई गई हैं। बिना आदेश के सरकारी जमीन पर फर्जी तरीके से कब्जा किया गया। प्रशासन ने दस्तावेजों की जांच की, और पाया कि कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। इस प्रकार की फर्जी प्रविष्टियाँ निरस्त की गई हैं और संबंधित अधिकारियों और विद्यालय के प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि खाली कराई गई जमीन का उपयोग शासकीय विभागों के हित में किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी का सर्किट हाउस, पर्यटक विभाग की जरूरतों के लिए जमीन प्रदान की जाएगी। यह कदम उन विभागों को ज़रूरी भूमि उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया है जो औरैया जिले में वर्तमान में कमी का सामना कर रहे हैं। इस कार्रवाई से साफ है कि प्रशासन अब सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और फर्जी दस्तावेजों के खिलाफ सख्त कदम उठा रहा है, ताकि सरकारी संपत्ति को सही उपयोग के लिए सुरक्षित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button