उत्तराखंड

दीपावली के बाद जिलों में प्रवास करेंगे सभी मंत्री, संगठन- सरकार में तालमेल की बनी रणनीति

देहरादून: मुख्यमंत्री आवास में बुधवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने मंत्रियों के साथ संवाद किया। उन्होंने मंत्रियों से उनके विभागों की उपलब्धियों की जानकारी ली। इस दौरान गौतम ने कहा कि जन कल्याण के लिए जो योजनाएं शुरू की हैं, उनका लाभ जनता तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए मंत्री, विभागीय अफसरों के साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं की भी मदद ले सकते हैं।

गौतम ने कहा कि प्रभारी मंत्री अनिवार्य रूप से जिलों में प्रवास पर जाएं। प्रवास के लिए सुदूर क्षेत्र भी चयनित किए जाएं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी यह जानें कि कोई उनकी सुध लेने वाला भी है। इस दौरान लोगों से समस्याएं जानकर उनके निराकरण के लिए प्लान बनाएं। उन्होंने कहा कि लोगों की जो भी समस्याएं या विकास को लेकर जो इच्छाएं हैं, उन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए। गौतम ने कहा कि प्रवास के दौरान मंडलस्तर के कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाएं। चूंकि, इस तरह के कार्यक्रम सरकार और संगठन में तालमेल से ही बनाए जाते हैं लिहाजा कहीं भी कार्यकर्ताओं की अनदेखी न की जाए।

गौतम ने कहा, एक साल बाद राज्य में निकाय चुनाव और फिर लोकसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं। सभी मंत्री इसे ध्यान में रखकर अपने कामकाज की शैली में बदलाव लाएं। बैठक में मुख्यमंत्री ने सरकार की बीते छह माह की उपलब्धियां रखीं। धामी ने कहा कि आमजन को लाभ पहुंचाने के लिए कई बड़े फैसले लिए गए हैं। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, महामंत्री खिलेंद्र चौधरी, राजेंद्र बिष्ट मौजूद रहे।

प्रदेश प्रभारी गौतम ने कहा है कि सीएम धामी जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपेक्षाओं पर खरे उतरे हैं। यह राज्य के लिए सुखद है। मोदी ने वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है जिसे पूरा करने में धामी दिनरात जुटे हैं। गौतम ने कहा कि हमारी पार्टी सेवा ही संकल्प, सेवा ही जीवन का ध्येय लेकर राष्ट्र प्रथम के भाव से कार्य करती है। राष्ट्र के लिए राज्यों का विकास बेहद अहम है, जिस पर हम प्रदेश में काम कर रहे हैं। उन्होंने हरिद्वार पंचायत चुनाव में एकतरफा जीत पर खुशी जताते हुए इसे पीएम मोदी के विजन, सीएम धामी के काम और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में संगठन की जीत बताया।

उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि लगातार दो दिन तक संगठन-सरकार के साथ अनेक विषयों पर चर्चा की। संगठन की मजबूती समेत कई बिंदुओं पर मंथन किया गया। सरकार और संगठन में तालमेल के लिए भी रणनीति बनाई गई।

Related Articles

Back to top button