पंजाब

धर्मवीर गांधी को टिकट मिलने पर पुराने कांग्रेसियों में छिड़े बागवती सुर, हाईकमान तक पहुंची आवाज

पटियाला : कांग्रेस हाईकमान की तरफ से पटियाला लोक सभा हलके से डा. धर्मवीर गांधी को टिकट देने के बाद 50-50 साल पुराने कांग्रेसी बवागत की रोष में थे, जिनका नेतृत्व पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान और पूर्व खजाना मंत्री रहे लाल सिंह और जिला कांग्रेस कमेटी पटियाला देहाती के 2 दशकों तक प्रधान और 2 बार विधायक रहे हरदियाल सिंह कम्बोज कर रहे थे।

डा. गांधी की टिकट के ऐलान के बाद जिले की अधिकतक्तर लीडरशिप ने बगावत का बिगुल बजा दिया था और 20 अप्रैल को राजपुरा के एक निजी रिजोर्ट में टकसाली वर्करों की मीटिंग बुला ली गई थी। कांग्रेस राजनीति की सुगबुगाहट में भाजपा नेता और पूर्व मुख्य मंत्री कै अमरिन्दर सिंह, आम आदमी पार्टी और अकाली दल की लीडरशिप ने इन नेताओं के साथ संपर्क करना शुरू कर दिया था।

सूत्रों अनुसार एक बड़ी पार्टी ने तो आफर भेज दिया था कि यदि वह पार्टी में शामिल होते हैं तो वह अपना उम्मीदवार बिठा लेंगे और कांग्रेस के बागी पक्ष में से जिसको भी नेता चाहेंगे, उसे टिकट दे दी जाएगी। इसकी जानकारी जब दिल्ली की कांग्रेस हाईकमान और राहुल गांधी तक पहुंची तो उन्होंने डैमेज कंट्रोल करने के लिए पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिन्द्र सिंह राजा वड़िंग की ड्यूटी लगाई।

अमरिन्द्र सिंह राजा वड़िंग सुबह ही पटियाला पहुंच गए थे। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधायक हरदियाल सिंह कम्बोज के आवास पर कांग्रेसी नेताओं के साथ नाश्ता किया और उनके साथ मीटिंग की। इस मीटिंग में हरदियाल सिंह कम्बोज के साथ समाना के पूर्व विधायक रजिन्द्र सिंह, पी.पी.एस.सी. के पूर्व मैंबर रविन्द्र कौर रवि, पंजाब महिला कांग्रेस की प्रधान गुरशरन कौर रंधावा, पटियाला शहरी हलके इंचार्ज और पूर्व मेयर विष्णु शर्मा, जसविन्द्र सिंह रंधावा, पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर के पारिवारिक मैंबर के अलावा अन्य कई नेता उपस्थित थे।

इस मीटिंग में समूची लीडरशिप ने प्रदेश प्रधान को कांग्रेसी वर्करों की नाराजगी बताई और कहा कि टकसाली कांग्रेसी इस बात से दुखी हैं कि उनको अनदेखा क्यों किया गया? मीटिंग में अन्य कई बातें हुई। इस मीटिंग के बाद देर शाम राजा वड़िंग चंडीगढ़ पहुंचे और उन्होंने वहां पूर्व कांग्रेस प्रधान लाल सिंह के साथ भी मीटिंग की। इस मीटिंग में भी पटियाला के समूचे नेता उपस्थित थे। मीटिंग के दौरान राजा वड़िंग ने लाल सिंह और हरदियाल कम्बोज की राहुल गांधी के साथ फोन पर बातचीत करवाई। दोनों नेताओं ने राहुल गांधी को कांग्रेसी वर्करों की भावनाओं के बारे जानकारी दी।

सूत्रों अनुसार राहुल गांधी ने समूचे नेताओं को विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी को भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए देश स्तर पर कई समझौते करने पड़ रहे हैं। आज इस संकट के समय समूची पार्टी को एकजुट होने की जरूरत है। सूत्रों के अनुसार नेताओं को कहा गया कि यह मीटिंग कैंसल की जाए पर लाल सिंह और हरदियाल कम्बोज ने कहा कि मीटिंग हर हालत में होगी। इस मीटिंग में पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिन्द्र सिंह राजा वड़िंग पहुंचेंगे और वहां वर्कर जो भी मांग व मुद्दे उठाएंगे उनका मौके पर ही जवाब देंगे। सूत्रों अनुसार दिल्ली कांग्रेस हाईकमान और पंजाब कांग्रेस कमेटी की तरफ से डैमेज कंट्रोल करने के लिए तुरंत कार्रवाई की गई, उसका पार्टी को लाभ मिल सकता है और 20 अप्रैल की मीटिंग में पार्टी के खिलाफ कोई बड़ा फैसला होने की संभावना कम हो गई है।

Related Articles

Back to top button