स्पोर्ट्स

मोहाली में खेले गए मैच के बाद मुंबई पुलिस ने उड़ाया पंजाब किंग्स का मजाक, ट्वीट कर कहा- ‘हम अपराधियों को…’

मुंबई: आईपीएल के 16वें सीजन (IPL 16) में बुधवार को खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स (MI vs PBKS) को हरा दिया। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई को 215 रनों का लक्ष्य दिया था। जिसे मुंबई ने आसानी से हासिल कर लिया। मुंबई ने पंजाब की टीम को उसके घरेलू मैदान यानी मोहाली (Mohali) के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में हराकर वानखेड़े स्टेडियम में मिली हार का बदला लिया।

मुंबई की तरफ से ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा, टिम डेविड ने अहम पारियां खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इस मैच के बाद एक बार फिर पंजाब के गेंदबाज अर्शदीप सिंह सुर्ख़ियों में आए हैं। आईपीएल के इस मैच के बाद मुंबई पुलिस ने पंजाब की टीम को लेकर एक अजीबोगरीब ट्वीट किया है।
बुधवार को खेले गए मैच में पंजाब के अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) को करारा झटका भी लगा है। अर्शदीप सिंह ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में इसी टीम से भिड़ते हुए दो स्टंप तोड़ दिए थे। पंजाब की उस जीत के बाद अर्शदीप सुर्ख़ियों में थे। हालांकि, कल के मैच में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों ने अपना बदला लिया। उन्होंने अर्शदीप सिंह की जमकर धुनाई की। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 66 रन दिए।

अर्शदीप सिंह की धुनाई को देखने के बाद मुंबई पुलिस ने ट्वीट किया है। अर्शदीप सिंह द्वारा दिए गए रनों का जिक्र करते हुए मुंबई पुलिस ने पंजाब किंग्स को ट्वीट किया है कि हम अपराधियों को सफलतापूर्वक पकड़ते हैं और उन्हें सजा देते हैं। पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए लियाम लिविंगस्टोन के 82 रन और जितेश वर्मा के 49 रन के दम पर 214 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम की शुरुआत कुछ खास अच्छी नहीं हुई। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद कैमरून ग्रीन ने तूफानी बल्लेबाजी की। लेकिन, वह भी जल्दी आउट हो गए। कैमरून ग्रीन के बाद ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने मुंबई टीम की जीत की नींव रखी। ईशान किशन ने 75 रन बनाए जबकि सूर्यकुमार यादव ने 66 रन बनाए। दोनों ने मुंबई टीम के लिए 100 रन की पार्टनरशिप की।

ईशान और सूर्यकुमार यादव के आउट होने के बाद तिलक वर्मा और टिम डेविड ने टीम को जीत दिलाई। तिलक वर्मा ने 10 गेंदों में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 26 रन बनाए। वहीं, डेविड ने 19 रन बनाकर 19वें ओवर में 215 रन की चुनौती को पार कर लिया।

Related Articles

Back to top button