‘किसान सुरक्षित है’, कांग्रेस के दावों पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बयान

नई दिल्ली : भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय के अटके व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर बातचीत के बाद इसकी घोषणा की। हालांकि विपक्ष लगातार ट्रेड डील पर सवाल उठा रहा है कि कृषि क्षेत्र को खोलने से ‘किसानों की सुरक्षा’ कैसे सुनिश्चित होगी। जिस पर अब कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बयान आया है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बारे में अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट के एक्स पोस्ट पर कहा कि, ‘हमारे मंत्री पीयूष गोयल ने भी संसद में सारी स्थिति स्पष्ट कर दी है। मैं फिर दोहराता हूं कि भारतीय किसानों के हित पूरी तरह से सुरक्षित हैं। चाहे वे छोटे किसान हों या बड़े किसान, हमारे सभी कृषि उत्पाद सुरक्षित रहेंगे। ऐसी किसी भी चीज के लिए बाजार नहीं खोला गया है।’
वहीं भारत के कृषि क्षेत्र, खासकर किसानों पर अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के असर के बारे में शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा, ‘यह व्यापार समझौता कूटनीति, विकास और सम्मान का एक नया उदाहरण है। हम विवाद नहीं, संतुलित संवाद में विश्वास करते हैं। किसानों के हितों की पूरी तरह से संरक्षित किया गया है। किसानों के हित पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘हमारे मुख्य अनाज, फल, प्रमुख फसलें और बाजरा सब सुरक्षित हैं। डेयरी उत्पाद सुरक्षित हैं। कृषि मंत्री ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन पर गलत सूचना फैलाने और “अंध विरोध” करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अनिश्चितता और अव्यवस्था का माहौल बनाने के लिए अफवाहें फैलाई गईं। कृषि मंत्री ने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस और विपक्ष निराश हैं। मानसिक रूप से परेशान हैं। वे मैदान मुकाबला नहीं कर सकते। इसलिए अंधाधुंध विरोध कर रहे हैं। वे अफवाहें फैलाकर अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। जब कपड़ा निर्यात बढ़ेगा, तो कपास किसानों को फायदा होगा।’



