राष्ट्रीय

चीन के लिए फिर से उड़ान भरेगी Air India, 6 साल बाद हो रही शुरुआत; जारी किया टाइम टेबल

नई दिल्ली: टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया अगले साल फरवरी से चीन के शंघाई के लिए उड़ान शुरू करेगी। एयर इंडिया ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह 01 फरवरी 2026 से दिल्ली से शंघाई के लिए उड़ान शुरू करेगी। यह सेवा सप्ताह में चार दिन मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध होगी। दिल्ली से विमान दोपहर 12 बजे उड़ान भरेगा और स्थानीय समय के अनुसार रात 8:20 बजे शंघाई पहुंचेगी।

वापसी की उड़ान शंघाई से रात 10 बजे (स्थानीय समय के अनुसार) उड़ान भरकर अगले दिन तड़के 3:15 बजे दिल्ली उतरेगी। इसके अलावा मुंबई और शंघाई के बीच भी अगले साल उड़ान शुरू करने की उसकी योजना है। हालांकि इसके लिए अभी नियामकीय मंजूरियों का इतंजार है। मार्च 2020 के बाद इस साल अक्टूबर में भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें शुरू हुई हैं। उस समय कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए सरकार ने चीन से आने वाली और चीन को जाने वाली सभी उड़ानों पर रोक लगा दी थी।

एयर इंडिया के नेटवर्क में शामिल होने वाला शंघाई 48वां अंतररष्ट्रीय शहर होगा। इस मार्ग पर एयरलाइंस बोइंग 787-8 विमान का संचालन करेगी। इसमें बिजनेस श्रेणी के 18 फ्लैट बेड और इकोनॉमी श्रेणी में 238 सीटें होंगी। एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक कैम्पबेल विलसन ने कहा कि दिल्ली और शंघाई के बीच उड़ानें दो महान राष्ट्रों, पुरातन सभ्यताओं और आधुनिक अर्थव्यवस्था के केंद्रों के बीच सेतु का काम करेंगी।

Related Articles

Back to top button