उत्तर प्रदेशराज्य

2027 की तैयारी में जुटे अखिलेश: ‘पीडीए को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे’ का दिया नारा

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के युवाओं को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर एक पत्र जारी किया है, जिसे चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। अपने संदेश में उन्होंने युवाओं से एकजुट रहने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया है। साथ ही उन्होंने नया नारा दिया— “पीडीए को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे”।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
अखिलेश यादव ने अपने पत्र में कहा कि पीडीए समाज को एकजुट करने वाली कड़ी उसकी साझा पीड़ा है, इसलिए सभी को अनुशासन के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पीडीए की सरकार नहीं बनेगी, तब तक संविधान और आरक्षण की सुरक्षा संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे हर बूथ पर सक्रिय भूमिका निभाएं और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करें।

युवाओं को दी सतर्क रहने की सलाह
सपा अध्यक्ष ने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस बार बुजुर्गों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा मिलकर सामाजिक न्याय की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान गड़बड़ी की कोशिशें हो सकती हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना होगा। साथ ही उन्होंने युवाओं को किसी भी तरह के बहकावे या उकसावे में न आने की नसीहत दी।

‘पीडीए आंदोलन सामाजिक सम्मान की लड़ाई’
अखिलेश यादव ने अपने संदेश में पीडीए को केवल राजनीतिक रणनीति नहीं, बल्कि मान-सम्मान और सामाजिक न्याय का आंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को संयम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा, तभी लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पीडीए समाज को पीड़ा, अपमान और अन्याय से मुक्ति दिलाने के लिए युवाओं को खुद आगे आकर संघर्ष करना होगा।

सरकार पर निशाना, बदलाव का दावा
अपने पत्र में उन्होंने राज्य की मौजूदा सरकार पर भी तीखा हमला बोला और इसे भ्रष्ट, जुमलों वाली और बेईमान बताते हुए कहा कि अब बदलाव तय है। उन्होंने दावा किया कि युवा, महिला, किसान, मजदूर और व्यापारी वर्ग के सहयोग से सत्ता परिवर्तन होगा और पीडीए के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी।

पीडीए फॉर्मूले पर टिकी सपा की रणनीति
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव पीडीए फॉर्मूले के आधार पर लड़ने की तैयारी कर रही है। इससे पहले 2024 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी ने इसी रणनीति को अपनाया था, जिसमें उसे बड़ी सफलता मिली। पार्टी उत्तर प्रदेश में 37 सीटें जीतने में कामयाब रही और राष्ट्रीय स्तर पर तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी।

Related Articles

Back to top button