उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

करहल में अखिलेश ने किया वादा: सपा की सरकार आई तो आईटी सेक्टर में देंगे 22 लाख नौकरियां

मैनपुरी: करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को यहां जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र के नरसिंह इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित किया। करहल सीट से नामांकन करने के बाद अखिलेश यादव दूसरी बार यहां पहुंचे।

जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और जनता से कई वादे किए। अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार जनता के उत्साह के सामने भारतीय जनता पार्टी का ट्रांसफार्मर उड़ जाएगा। किसान से लेकर नौजवान तक सभी भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश से हटाने के लिए तैयार हैं। हमारे किसान भाइयों को खाद नहीं मिली, अगर खाद मिल भी गई होगी तो आपने देखा होगा कि बोरी में से खाद की चोरी हो गई।सपा मुखिया ने कहा कि इस चुनाव का सबसे बड़ा अगर कार्यक्रम कहीं हो रहा है तो करहल विधानसभा में हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर आईटी के सेक्टर में 22 लाख नौजवानों को नौकरी देने का काम करेंगे। टीईटी, बीएड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रोजगार सेवकों की सरकार बनने पर मदद की जाएगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि वह पूरे प्रदेश में सपा के लिए वोट मांग रहे हैं। कहीं ऐसा न हो कि इसी में उलझकर वह अपने लिए वोट ही न मांग पाएं। इसलिए वह करहल की जनता से वोट मांगने आए हैं। उन्होंने कहा कि करहल की जनता ने हमेशा ही समाजवादी पार्टी को जिताने का काम किया है, इस बार भी जनता यही करेगी।उन्होंने सपा से रूठे और नाराज चल रहे लोगों को मनाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं से अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे बड़ी जीत तभी संभव है जब सब एक साथ हों। उन्होंने कम से एक बार नाराज लोगों के पास जाकर समर्थन मांगने की अपील की। वहीं अपनी बात को दोहराते हुए उन्होंने करहल के जैन इंटर कॉलेज को विश्वविद्यालय बनाने और नरसिंह इंटर कॉलेज के उच्चीकरण की बात कही।

करहल में रोजगार परक शिक्षण संस्थान बनाने का भी वादा किया। उन्होंने जिले के लोगों से अन्य तीन सीटों पर भी सपा प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए कहा। इस दौरान एमएलसी अरविंद यादव, विधायक सोबरन सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव, महासचिव रामनरायन बाथम मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button