उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राज्य

अखिलेश यादव की भविष्यवाणी हुई सच साबित… फैजाबाद में अवधेश प्रसाद ने रचा इतिहास, जीती अयोध्या की सीट

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव द्वारा की गई भविष्यवाणी फैजाबाद के लोकसभा चुनाव 2024 में एकदम सटीक साबित हुई है। सपा के प्रत्याशी अवधेश प्रसाद ने फैजाबाद सीट पर शानदार जीत हासिल की है। फैजाबाद, जिसे अयोध्या के नाम से भी जाना जाता है, वहां भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण के बाद बीजेपी की जीत की संभावना अधिक मानी जा रही थी, लेकिन चुनाव परिणाम ने सभी को चौंका दिया।

फैजाबाद से बीजेपी प्रत्याशी लल्लू सिंह को सपा के अवधेश प्रसाद ने 54,567 मतों से हराया। अवधेश प्रसाद को कुल 5,54,289 वोट मिले, जबकि लल्लू सिंह को 4,99,722 वोट हासिल हुए। इस जीत के साथ ही अखिलेश यादव का एक पुराना वीडियो चर्चा में आ गया है, जिसमें वे अवधेश प्रसाद की जीत की भविष्यवाणी करते दिखे थे। अखिलेश यादव ने प्रचार के दौरान अवधेश प्रसाद को ‘पूर्व विधायक’ कहकर संबोधित किया था। इस पर अवधेश प्रसाद ने उन्हें रोका था, लेकिन अखिलेश यादव ने तुरंत कहा था कि “पूर्व विधायक इसलिए कह रहा हूं क्योंकि आप सांसद बनने वाले हो।” इस पर अवधेश प्रसाद ने अखिलेश के हाथ जोड़कर उनका धन्यवाद किया था।

फैजाबाद में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान हुआ था, जिसमें कुल 13 उम्मीदवार मैदान में थे। समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद को 5,54,289 वोट मिले, जबकि बीजेपी के लल्लू सिंह को 4,99,722 वोटों से संतोष करना पड़ा। 2019 के चुनाव में फैजाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी के लल्लू सिंह ने सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी आनंद सेन को हराया था। लल्लू सिंह को 5,29,021 वोट मिले थे, जबकि आनंद सेन को 4,63,544 वोट प्राप्त हुए थे। कांग्रेस के निर्मल खत्री को 53,386 वोट मिले थे।

2014 लोकसभा चुनाव का परिणाम
2014 के चुनाव में बीजेपी के लल्लू सिंह ने सपा के मित्रसेन यादव को 2,82,775 वोटों के अंतर से हराया था। लल्लू सिंह को 4,91,761 वोट मिले थे, जबकि मित्रसेन यादव को 2,08,986 वोट प्राप्त हुए थे। बसपा के जितेंद्र सिंह बब्लू को 1,41,827 वोट और कांग्रेस के निर्मल खत्री को 1,29,917 वोट मिले थे। फैजाबाद में सपा की यह जीत न केवल अखिलेश यादव की भविष्यवाणी को सही साबित करती है, बल्कि बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका भी है। इस चुनावी परिणाम ने सपा के पक्ष में एक नई ऊर्जा का संचार किया है।

Related Articles

Back to top button