उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराज्यलखनऊ

सरकार के वृक्षरोपण पर अखिलेश का हमला, कहा झूठ की फैक्ट्री में रोज नए आविष्कार

पूर्व सीएम अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

लखनऊ, 6 जुलाई, दस्तक (ब्यूरो): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में 25 करोड़ पौधारोपण पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 23 करोड़ की आबादी और 25 करोड़ पौधारोपण, यह कितना व्यावहारिक और कितना संभव है? भाजपा सरकार के चार सालों में कितने पौधे लगे और कितने जीवित बच पाए, इसका ब्यौरा कहां और कैसे मिलेगा? उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का कथित पौधारोपण दिखावटी और झूठा है।

झूठ की फैक्ट्री में रोज झूठ के नए आविष्कारअखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि यूपी सरकार के दावे के अनुसार वर्ष 2017 में नौ करोड़ और 2018 में 15 करोड़ पौधे लगे थे। अचानक 2019 में 22 करोड़ पौधे लग गए और अब 25 करोड़ पौधारोपण का रिकार्ड बनाया जा रहा है। सरकार को यह तो बताना ही चाहिए कि इतना जमीनी रकबा कहां चिन्हित हुआ, जिस पर पौधारोपण कराया गया। भाजपा की झूठ की फैक्ट्री में रोज झूठ के नए आविष्कार किए जाते हैं, लेकिन जनता से कुछ छुपा नहीं है। भाजपा सच्चाई पर पर्दा नहीं डाल सकती है। कितना सच कितना झूठ जनता सब जानती है।

सपा सरकार के नाम आज भी गिनीज बुक में रिकार्ड दर्ज

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के झूठ के दावों के विपरीत सपा की सरकार में पर्यावरण को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया था। सपा सरकार में एक दिन में पांच करोड़ पौधारोपण का रिकार्ड आज भी गिनीज बुक में दर्ज है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा दौर का पौधारोपण भी कहीं महाघोटाले की श्रेणी में न आ जाए, सपा सरकार में इसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी।

Related Articles

Back to top button