हरिद्वार: हरिद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने घुसपैठ, विकास और विपक्ष पर तीखे बयान दिए। उन्होंने कहा कि सरकार देशभर में घुसपैठ के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के लिए प्रतिबद्ध है और एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालने का संकल्प लिया गया है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा।
‘जन जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में पहुंचे अमित शाह
हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित ‘जन जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में शामिल होते हुए अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार देश की सुरक्षा और विकास को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ से कन्याकुमारी तक घुसपैठियों को बाहर निकालने का अभियान जारी रहेगा। इस मुद्दे पर राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें हर काम में नकारात्मकता ही नजर आती है और वह जितना चाहें विरोध कर सकते हैं।
भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
गृह मंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा, जबकि कांग्रेस की हरीश रावत सरकार पर कई तरह के भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से 2014 से पहले के निवेश और विकास कार्यों का हिसाब मांगना चाहिए। शाह के मुताबिक केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के विकास के लिए एक लाख 87 हजार करोड़ रुपये दिए हैं। इसके अलावा केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के विकास, दिल्ली-देहरादून परियोजनाओं और 30 राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण पर भी काम हुआ है।
उत्तराखंड के बजट और आय में बढ़ोतरी का दावा
अमित शाह ने कहा कि 2009 से 2014 के बीच उत्तराखंड का औसत बजट 187 करोड़ रुपये था, जबकि भाजपा सरकार के दौरान यह बढ़कर 4 हजार 770 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। उन्होंने दावा किया कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय 2014 में लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर करीब 2 लाख 60 हजार रुपये से अधिक हो गई है। वहीं राज्य का सकल घरेलू उत्पाद भी 1 लाख 50 हजार करोड़ से बढ़कर 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में भी तीन गुना तक वृद्धि हुई है।
केंद्र से मिलने वाली आर्थिक सहायता का जिक्र
गृह मंत्री ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच उत्तराखंड को केंद्र से लगभग 54 हजार करोड़ रुपये मिले थे, जबकि इसके बाद यह राशि बढ़कर एक लाख 87 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसके अलावा केंद्र सरकार के सहयोग से ऑलवेदर रोड, दिल्ली-देहरादून इकनॉमिक कॉरिडोर, रेल और सड़क परियोजनाओं पर भी बड़े पैमाने पर काम जारी है।
सीएए के तहत नागरिकता पाने वालों को दी बधाई
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने नागरिकता कानून के तहत भारत की नागरिकता पाने वाले शरणार्थियों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों को भारत में उतना ही अधिकार है जितना इस देश के किसी भी नागरिक को है। उन्होंने कहा कि पहले तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इन लोगों को नागरिकता से वंचित रखा गया था।
उत्तराखंड के विकास के लिए फिर मांगा समर्थन
अमित शाह ने कहा कि 2017 से 2026 का समय उत्तराखंड के विकास को समर्पित रहा है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की कई समस्याओं का समाधान किया गया है, जिसके कारण विकास की रफ्तार दोगुनी हुई है। गृह मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में तीसरी बार भाजपा को मौका दें ताकि देवभूमि उत्तराखंड को छोटे राज्यों में विकास के मामले में नंबर एक बनाया जा सके।




