राष्ट्रीय

जम्मू में अमित शाह का सख्त संदेश, रोहिंग्या-बांग्लादेशियों पर होगी कड़ी कार्रवाई, आतंक और नशे पर भी केंद्र की पैनी नजर

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा, आतंकवाद और अवैध घुसपैठ को लेकर केंद्र सरकार का रुख और सख्त होता नजर आ रहा है। जम्मू में भाजपा विधायकों के साथ हुई अहम बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ उचित और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आतंकवाद और तेजी से फैल रहे नशे के नेटवर्क को तोड़ने पर भी केंद्र की पूरी ताकत झोंकी जाएगी।

लोकभवन में करीब एक घंटे चली अहम बैठक
लोकभवन जम्मू में शुक्रवार शाम करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में प्रदेश भाजपा विधायकों ने जमीनी हालात, सुरक्षा चुनौतियों और जनसमस्याओं को गृहमंत्री के सामने विस्तार से रखा। बैठक के दौरान आतंकवाद से सख्ती से निपटने, नशे के बढ़ते खतरे और अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या व बांग्लादेशियों को जम्मू से बाहर निकालने का मुद्दा प्रमुखता से उठा।

रोहिंग्या और बांग्लादेशियों पर केंद्र का एक्शन प्लान
बैठक में उठाए गए सवालों पर गृहमंत्री अमित शाह ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए खतरा बने रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के खिलाफ कानून के तहत उचित कार्रवाई जल्द अमल में लाई जाएगी।

भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूत होने का निर्देश
पार्टी सूत्रों के अनुसार गृहमंत्री ने प्रदेश भाजपा को संगठनात्मक रूप से और मजबूत होने तथा प्रभावी तरीके से जनता की आवाज उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने विधायकों से उनके विधानसभा क्षेत्रों के हालात की जानकारी ली और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।

दूरदराज इलाकों में बढ़ेगा सुरक्षा घेरा
बैठक में जम्मू संभाग के दूरदराज क्षेत्रों में आतंकवाद से निपटने के लिए विलेज डिफेंस गार्ड (VDG) का दायरा बढ़ाने और उन्हें आधुनिक हथियार उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। इस पर सहमति जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाने के संकेत दिए गए।

विधायकों ने रखीं क्षेत्रीय समस्याएं
विधायक विक्रम रंधावा ने जम्मू में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। विधायक चंद्र प्रकाश गंगा ने प्रदेश में तेजी से फैल रहे नशे को गंभीर सामाजिक संकट बताते हुए इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने चिनैनी विधानसभा क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में लोगों को आतंकवाद से मुकाबले के लिए सशक्त बनाने पर जोर दिया।

पार्टी नेतृत्व भी रहा मौजूद
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा, विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा और संगठन महामंत्री अशोक कौल मौजूद रहे। उन्होंने पार्टी की मौजूदा गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी गृहमंत्री को दी।

Related Articles

Back to top button