धुमाकोट (पौड़ी)। नैनीडांडा ब्लाक के अंतर्गत ग्राम पंचायत चिनवाड़ी (धुमाकोट) निवासी आशुतोष सिंह बिष्ट कमीशन प्राप्त कर सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। आशुतोष की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए गर्व व्यक्त किया है।
आशुतोष सिंह बिष्ट के पिता कुलदीप सिंह बिष्ट भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता बीना बिष्ट गृहिणी हैं।
आशुतोष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एयर फोर्स स्कूल दिल्ली से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बीटेक की पढ़ाई पूरी की। आगे चलकर उनका चयन संयुक्त रक्षा सेवा (एसएससी-टेक) में हुआ।
शनिवार को उन्होंने लेफ्टिनेंट पद ग्रहण किया। वर्तमान में उनकी तैनाती नगरौटा (जम्मू) में हुई है। तीन बड़ी बहनों में आशुतोष सबसे छोटे हैं।
आशुतोष का कहना है कि बचपन से ही उनका सपना सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का था। उन्हें अपने दादा कुंदन सिंह से काफी प्रेरणा मिली। उन्होंने युवाओं से भी लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की अपील की है।




