राज्य

महाराष्ट्र : अकोला में मंदिर के टिनशेड पर गिरा भारी-भरकम पेड़, कम से कम 7 की मौत; कई घायल

मुंबई : महाराष्ट्र के अकोला में बारिश कम से कम सात लोगों के लिए काल बन गई। यहां बालापुर तहसील के पारस गांव में एक मंदिर के टिनशेड पर भारी-भरकम पेड़ गिर गया। इसके बाद कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। दरअसल रविवार को यहां बारिश हो रही थी और तेज हवाएं भी चल रही थीं। ऐसे में मंदिर के पास का ही पेड़ जड़ से उखड़ गया और मंदिर के टिनशेड पर आ गिरा।

गांव में बाबूजी महाराज मंदिर संस्थान है। यहीं पर नीम का काफी पुराना पेड़ था। पेड़ गिरने के बाद आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े। कई लोग टिनशेड के नीचे दब गए थे। पुलिस को भी लोगों ने इस बात की सूचना दी। वहीं मौके पर एंबुलेंस भी पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया। पेड़ को हटाने और लोगों को निकालने के लिए जेसीबी बुलवाई गई।

अकोला जिले की कलेक्टर नीमा अरोड़ा ने पुष्टि की कि दर्दनाक हादसे में कम से कम सात लोग मारे गए हैं और 30 से 40 लोग घायल हो गए हैं। उनका इलाज पास के ही अस्पताल में चल रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को अकोला के सिविल अस्पताल भेजा गया है।

बता दें कि मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में अगले दो दिनों तक कई जगहों पर बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी तेज हवाएँ चल सकती हैं और हल्की बरिश होने की संभावना है। वहीं पांच दिनों में देश के बड़े हिस्से में तापमान बढ़ने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button