उत्तराखंड

बड़ा हादसा: किच्छा के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटने से आठ की मौत, 37 लोग घायल, अस्पताल पहुंचकर सीएम धामी ने जाना कुशलक्षेम

सीएम धामी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख, गंभीर रूप से घायलों को 50000, सामान्य रूप से घायलों को 25000 तथा सभी घायलों के मुफ्त इलाज की घोषणा की

देहरादून: उत्तराखण्ड में आज एक बड़ा हादसा हो गया। यहां ऊधम सिंह नगर जिले में किच्छा के पास श्रृद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 8 लोगों के मारे जाने की खबर है. हांलाकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन बताया जा रहा है कि हादसा भयावह था और 37 से अधिक लोग घायल हो गए।

उधमसिंह नगर के जिलाधिकारी युगल किशोर पंत ने बताया कि उधमसिंह नगर के शक्तिफार्म के बसुधर व आसपास गांवों के लोग एक ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर सुबह संगत में भाग लेने के लिये उत्तम नगर गुरूद्वारा जा रहे थे। ट्राली में 40 से अधिक लोग सवार थे। ट्रैक्टर ट्राली जैसे ही उप्र व उधमसिंह नगर बार्डर पर स्थित सिरसा मोड़ पर पहुंची, एक ट्रक ने ट्राली को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राली अनियंत्रित हो कर पलट गयी। मौके पर चीख पुकार मच गयी। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि 34 से अधिक लोग घायल हो गये। मृतकों में सुमन कौर (150189, गुरूनामोबाई (30), आकाश (8), राजा (6) जस्सी (35) व भजन सिंह (32) शामिल हैं। मृतकों में तीन महिला व तीन बच्चे शामिल हैं।

सूचना मिलते ही पुलभट्टा पुलिस व उधमसिंह नगर प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत व बचाव कार्य चलाया गया। सभी घायलों को तत्काल बहेड़ी, रूद्रपुर जिला अस्पताल व हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। श्री पंत ने बताया कि बहेड़ी व सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी को हरसंभव उपचार उपलब्ध कराया जा जा रहा है।

अस्पताल पहुंचे सीएम धामी! हादसे में घायल हुए लोगों का जाना हाल, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपए देने की घोषणा की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज़ सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचकर उधम सिंह नगर जिले में हुए सड़क हादसे में घायल हुए लोगों का हाल जाना। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि यह घटना बहुत बड़ी हृदय विदारक घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदना प्रकट की है, साथ ही कहा कि जो भी घायल हैं उनका उपचार बेहतर ढंग से हो, इसके लिए जिलाधिकारी नैनीताल और ऊधम सिंह नगर को निर्देशित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने व शोक संतप्त परिजनों को यह अपार कष्ट सहन करने तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख, गंभीर रूप से घायलों को 50000, सामान्य रूप से घायलों को 25000 तथा सभी घायलों के मुफ्त इलाज की घोषणा की। वहीं घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button