दिल्ली

सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान: 9 परियोजनाओं का लोकार्पण, एससी/एसटी बस्तियों के लिए 85 करोड़ की 146 योजनाओं को मंजूरी

नई दिल्ली में गुरुवार को विकास का बड़ा संदेश देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एससी/एसटी बस्तियों के व्यापक विकास के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। तिमारपुर के मलकागंज चौक पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 9 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया और 64 नई योजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही करीब 85 करोड़ रुपये की लागत से 146 परियोजनाओं को स्वीकृति देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली सिर्फ इमारतों से नहीं, बस्तियों से बनती है

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की पहचान केवल ऊंची इमारतों से नहीं, बल्कि उन बस्तियों से है जहां मेहनतकश परिवार रहते हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित परियोजनाओं की औपचारिकताएं जल्द पूरी कर कार्य शुरू कराया जाए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह, तिमारपुर से विधायक सूर्य प्रकाश खत्री और मॉडल टाउन के विधायक अशोक गोयल सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

4.12 करोड़ की 9 परियोजनाएं पूरी, 38.63 करोड़ की 64 नई योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 4.12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 9 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है। इसके अलावा 38.63 करोड़ रुपये की लागत वाली 64 नई परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है, जिनका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

इन परियोजनाओं में चौपालों का नवीनीकरण, सड़कों का निर्माण, पार्कों का विकास, सीवर लाइन बिछाना और पेयजल आपूर्ति जैसी स्थानीय जरूरतों से जुड़े कार्य शामिल हैं।

357 दिनों में ‘अटके-लटके’ काम पूरे करने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 357 दिनों के कार्यकाल में वर्षों से लंबित पड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि अब विकास कार्य भ्रष्टाचार-मुक्त तरीके से हो रहे हैं और धन सीधे जनता के हित में खर्च हो रहा है। वर्तमान में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100-100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली में आरोग्य मंदिर, अटल कैंटीन, नए स्कूल, फ्लाईओवर और अस्पतालों के विस्तार पर भी तेजी से काम चल रहा है। मलकागंज और तिमारपुर जैसी बस्तियों में उपेक्षित पड़ी गलियों, नालों और पार्कों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

बजट में उल्लेखनीय वृद्धि: 65 करोड़ से बढ़ाकर 200 करोड़

कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले जहां सीमित बजट और अधूरी योजनाओं के कारण राशि पूर्ण रूप से खर्च नहीं हो पाती थी, वहीं इस वर्ष बजट को लगभग 65 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

बस्तियों में कम्युनिटी सेंटर, चौपाल, लाइब्रेरी, प्रशिक्षण केंद्र सहित 32 प्रकार के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि दलित, वंचित और पिछड़े वर्ग के परिवारों को सम्मानजनक जीवन और अवसर मिल सकें।

33% से अधिक एससी/एसटी आबादी वाली बस्तियों पर फोकस

यह योजना उन बस्तियों में लागू की जा रही है जहां एससी/एसटी की आबादी 33 प्रतिशत या उससे अधिक है। इसके तहत सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, सामुदायिक केंद्रों का विकास, पार्क निर्माण, सीवर लाइन बिछाने, पुस्तकालय और डिस्पेंसरी जैसी आवश्यक सुविधाओं के निर्माण और सुधार के कार्य किए जाएंगे।

इन 9 परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण

• नजफगढ़ में जाटव समाज चौपाल का निर्माण व नवीनीकरण (62 लाख रुपये)
• विकासपुरी के बूढ़ेला गांव में वाल्मीकि चौपाल का जीर्णोद्धार (31.65 लाख रुपये)
• कोंडली की सपेरा बस्ती चौपाल का नवीनीकरण (68 लाख रुपये)
• मुंडका क्षेत्र में एससी/एसटी चौपाल, हिरण कूदना का नवीनीकरण (33.9 लाख रुपये)
• नांगलोई फेज-2 में पार्कों का विकास एवं बाउंड्रीवाल निर्माण (24.82 लाख रुपये)
• विश्वास नगर में आरएमसी ड्रेन निर्माण (41.35 लाख रुपये)
• पटेल नगर में सामुदायिक भवन (28.62 लाख रुपये)
• गोकुलपुरी में सीसी पेवमेंट एवं ड्रेनेज कार्य (47.57 लाख रुपये और 74.94 लाख रुपये)

सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के जरिए बस्तियों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा और स्थानीय स्तर पर जीवन स्तर में ठोस सुधार लाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button