दिल्ली सरकार की पहली सालगिरह पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन, सीएम रेखा गुप्ता पेश कर सकती हैं रिपोर्ट कार्ड, भव्य आयोजन की तैयारी

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली की भाजपा सरकार 20 फरवरी को अपने कार्यकाल का एक साल पूरा करने जा रही है। इस मौके पर सरकार एक बड़े सार्वजनिक आयोजन के जरिए अपनी उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने की तैयारी में है। साथ ही इस कार्यक्रम के दौरान कई नई कल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की शुरुआत भी की जा सकती है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछले वर्ष 20 फरवरी को रामलीला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के साथ ही राजधानी में आम आदमी पार्टी के दस साल लंबे शासन का अंत हुआ था। अब सरकार अपनी पहली सालगिरह को एक बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक पड़ाव के रूप में मनाने की योजना बना रही है।
केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी की भी संभावना
सरकार के प्रस्तावित सार्वजनिक कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि यह आयोजन न केवल उपलब्धियों को गिनाने का मंच होगा, बल्कि आने वाले समय की प्राथमिकताओं को भी सामने रखने का अवसर बनेगा।
8 फरवरी से शुरू होंगे सालगिरह से जुड़े कार्यक्रम
अधिकारियों के अनुसार सरकार की पहली सालगिरह से जुड़े कार्यक्रमों की शुरुआत 8 फरवरी से की जाएगी। यही वह तारीख है, जब पिछले साल दिल्ली विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित हुए थे। इन आयोजनों के जरिए सरकार एक साल की यात्रा और किए गए फैसलों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
20 फरवरी के आसपास होगा मुख्य सार्वजनिक कार्यक्रम
सरकारी सूत्रों का कहना है कि 20 फरवरी के आसपास एक बड़े पब्लिक इवेंट का आयोजन किया जा सकता है। इस दौरान सरकार अपने एक साल के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को विस्तार से पेश करेगी। इसके साथ ही कुछ नई वेलफेयर स्कीम्स और विकास परियोजनाओं की औपचारिक शुरुआत भी किए जाने की संभावना है।
रिपोर्ट कार्ड के जरिए जनता से सीधा संवाद
सरकार इस आयोजन को जनता से सीधे संवाद के रूप में देख रही है। रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा, सामाजिक कल्याण और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कामों को प्रमुखता से रखा जाएगा, ताकि सरकार अपने पहले साल के कामकाज का लेखा-जोखा सार्वजनिक कर सके।



