टॉप न्यूज़ब्रेकिंगराष्ट्रीय

दिल्ली में बीजेपी का फिर बना रिकार्ड: सभी सातों सीटों पर कब्जा, योगेंद्र चंदोलिया ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर एक बार फिर जीत दर्ज की है। इससे पहले 2014 और 2019 के चुनावों में भी बीजेपी ने दिल्ली की सभी सीटों पर कब्जा जमाया था। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से बीजेपी के उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया ने सबसे बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने 2.90 लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीतकर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। उनके बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी ने 1.38 लाख वोटों के अंतर से कन्हैया कुमार को हराया। इस चुनाव में बीजेपी के तीनों पूर्व मेयर और तीनों वर्तमान प्रदेश महामंत्री भी संसद पहुंच गए हैं। योगेंद्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत, और हर्ष मल्होत्रा ने अपनी-अपनी सीटों पर जीत दर्ज की है।

बीजेपी का प्रदर्शन:

  • उत्तर-पश्चिमी दिल्ली: बीजेपी उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया ने 2,90,849 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें कुल 8,66,483 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उदित राज को 5,75,634 वोट प्राप्त हुए। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के हंसराज हंस ने ये सीट 5,53,897 वोट के अंतर से जीती थी और उन्हें कुल 8,48,663 वोट मिले थे। 2019 के चुनाव में आम आदमी पार्टी के गुग्गन सिंह 2,94,766 वोटों के साथ दूसरे और कांग्रेस के राजेश लिलोठिया 2,38,882 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।
  • उत्तर-पूर्वी दिल्ली: बीजेपी के मनोज तिवारी ने कांग्रेस के कन्हैया कुमार को 1,38,778 वोटों से हराया। तिवारी को कुल 8,24,451 वोट मिले, जबकि कन्हैया कुमार को 6,85,673 वोट मिले। खास बात है कि ये सीट कन्हैया कुमार की वजह से सबसे ज्यादा चर्चा में रही। मनोज तिवारी ने 2019 के लोकसभा चुनाव मे कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित को 3,66,102 वोटों के अंतर से हराया था। तिवारी ने तब 7,87,799 वोट हासिल किये थे। आम आदमी पार्टी के दिलीप पांडे 2019 में 1,90,856 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे।
  • पश्चिमी दिल्ली: बीजेपी की कमलजीत सहरावत ने 1,99,013 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 8,42,658 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी के महाबल मिश्रा को 6,43,645 वोट प्राप्त हुए। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के परवेश वर्मा ने इस सीट पर सबसे ज्यादा मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। उन्हें कुल 8,65,648 वोट मिले थे और उन्होंने तब कांग्रेस उम्मीदवार महाबल मिश्रा को 5,78,486 वोट से हराया था। महाबल मिश्रा को तब कुल 2,87,162 वोट प्राप्त हुए थे। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार बलबीर जाखड़ 2,51,873 वोट हासिल करते हुए तीसरे स्थान पर रहे थे। इस बार वह ठीक चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गये थे, फिर भी वह बीजेपी उम्मीदवार की जीत का मार्जिन नहीं बढ़वा सके।
  • दक्षिणी दिल्ली: बीजेपी उम्मीदवार रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आम आदमी पार्टी के सहीराम पहलवान को 1,24,333 वोटों के अंतर से हराया। बिधूड़ी को कुल 6,92,832 वोट मिले, जबकि सहीराम को 5,68,499 वोट मिले। रामवीर सिंह बिधूड़ी भी पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी का जीत के अंतर का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके। 2019 के लाकसभा चुनाव में रमेश बिधूड़ी ने आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा को 3,67,043 वोट से हराया था। रमेश बिधूड़ी को कुल 6,87,041 और राघव चड्ढा को 3,19,971 वोट मिले थे। वहीं, कांग्रेस के विजेंद्र सिंह (मुक्केबाज) को कुल 1,64,613 वोट मिले थे और उन्हें अपनी जमानत गंवानी पड़ी थी।
  • चांदनी चौक: बीजेपी के प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस के जय प्रकाश अग्रवाल को 89,325 वोटों के अंतर से हराया। खंडेलवाल को कुल 5,16,496 वोट मिले, जबकि अग्रवाल को 4,27,171 वोट प्राप्त हुए। चुनाव आयोग ने दिल्ली में सबसे पहले प्रवीण खंडेलवाल को ही विनिंग कैंडिडेट घोषित किया। वहीं, 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के डॉ. हर्षवर्धन ने करीब 2.2 लाख के अंतर से कांग्रेस के जेपी अग्रवाल को हराया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में डॉ. हर्षवर्धन को कुल 5,19,055 और जेपी अग्रवाल को कुल 2,90,910 वोट हासिल हुए थे। आम आदमी पार्टी के पंकज गुप्ता 1,44,551 वोट प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे थे।
  • पूर्वी दिल्ली: बीजेपी के हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार को 93,663 वोटों के अंतर से हराया। मल्होत्रा को कुल 6,64,819 वोट मिले, जबकि कुलदीप कुमार को 5,71,156 वोट प्राप्त हुए। वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर बीजेपी के क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली को 3,91,222 वोट से हराया था। तब गंभीर को कुल 6,96,156 और लवली को 3,04,934 वोट हासिल हुए थे। आम आादमी पार्टी की आतिशी तब 2,19,328 वोट प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहीं थीं। इस बार अरविंदर सिंह लवली ने कांग्रेस को छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया था।
  • नई दिल्ली: सबसे सुरक्षित माने जानी वाली सीट से बीजेपी की बांसुरी स्वराज ने आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती को 78,370 वोटों के अंतर से हराया। बांसुरी को कुल 4,53,185 वोट मिले, जबकि भारती को 3,74,815 वोट प्राप्त हुए। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार मीनाक्षी लेखी ने इस सीट पर कांग्रेस के अजय माकन को 2.5 लाख वोट से हराया था। तब लेखी को कुल 5,04,206 और माकन को 2,47,702 वोट हासिल हुए थे। आम आदमी पार्टी के ब्रिजेश गोयल को कुल 1,50,342 वोट हासिल हुए थे और वह अपनी जमानत नहीं बचा सके थे।

बीजेपी ने दिल्ली में अपनी जीत की हैट्रिक लगाते हुए यह साबित कर दिया है कि राजधानी में उनकी पकड़ मजबूत है। इस बार के चुनाव में पूर्व मेयरों और प्रदेश महामंत्रियों की जीत ने बीजेपी की ताकत को और बढ़ा दिया है।

Related Articles

Back to top button