राजनीति

मप्र उपचुनाव में भाजपा 2 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट व कांग्रेस एक जगह जीती

भोपाल: मध्य प्रदेश में तीन विधानसभा और एक लोकसभा क्षेत्र में 30 अक्टूबर को हुए मतदान की मतगणना पूरी हो चुकी है, जो नतीजे सामने आ रहे हैं, उनके मुताबिक दो विधानसभा और एक लोकसभा क्षेत्र में भाजपा ने जीत दर्ज की है तो एक विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस के खाते में गया है।

राज्य में तीन विधानसभा रैगांव, जोबट व पृथ्वीपुर और खंडवा लोकसभा क्षेत्र में उप-चुनाव हुए। मंगलवार केा मतगणना का दौर चला। खंडवा लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के ज्ञानेष्वर पाटिल और कांग्रेस के राजनारायण सिंह पुरनी के बीच था। यहां पाटिल ने मतगणना पूरी होने तक 81 हजार की बढ़त बना ली थी। इस चुनाव में दोनों ही ओर से पूरी ताकत झौंकी गई, मगर जीत भाजपा के खाते में आई।

इसी तरह जोबट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की उम्मीदवार सुलोचना रावत ने अपने निकट प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के महेष पटेल पर छह हजार से ज्यादा के मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। पृथ्वीपुर में भाजपा उम्मीदवार डॉ. शिशुपाल सिंह यादव ने लगभग साढ़े 15 से अधिक वोट के अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार नितेंद्र सिंह राठौर को शिकस्त दी है।

वहीं रैगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार कल्पना वर्मा ने भाजपा उम्मीदवार प्रतिमा बागरी को साढ़े 12 हजार वोटों के अंतर से पीछे छोड़ा है। राज्य के उपचुनावों को लेकर अभी चुनाव आयोग की ओर से आधिकारिक ब्यौरा जारी किया जाना बाकी है।

ज्ञात हो कि राज्य में 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था और मंगलवार को मतगणना हुई। चारों सीटों पर कुल 48 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। इन सभी स्थानों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच था। खंडवा में 16, रैगांव में 16, पृथ्वीपुर में 10 और जोबट में छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।

बताया गया है कि पृथ्वीपुर विधानसभा की मतगणना निवाड़ी, जोबट की अलीराजपुर और रैगांव की सतना में मतगणना हो रही है। इसके अलावा खंडवा लोकसभा क्षेत्र की मतगणना चार जिला मुख्यालयों देवास, खंडवा, बुरहानपुर व खरगोन जिला मुख्यालय में हो रही है।

राज्य में जिन चार स्थानों पर उपचुनाव हुए, उनमें से जोबट व पृथ्वीपुर में कांग्रेस का कब्जा था, वहीं रैगांव व खंडवा पर भाजपा का कब्जा था।

Related Articles

Back to top button