उत्तर प्रदेशराज्य

BJP के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि- राम मंदिर के लिए भाजपा संकल्पबद्ध, कानून के जरिए ही होगा निर्माण…

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर मंदिर निर्माण के लिए संकल्पबद्ध है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसका इस मुद्दे पर नीति और दृष्टिकोण स्पष्ट है। कानून-सम्मत रास्ते से मंदिर का निर्माण होगा। केंद्र में मंत्री बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे डॉ. पांडेय पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। बेरोजगारी से निपटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केंद्र सरकार की शीर्ष प्राथमिकता में है। युवाओं के हुनर का प्रमाणीकरण करने और उन्हें उच्चस्तरीय जानकारी देने के लिए मुंबई में सिंगापुर की तर्ज पर 250 करोड़ रुपये से ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल’ की स्थापना होगी।

देश के अन्य राज्यों में भी ऐसे ही तीन अन्य उच्चस्तरीय संस्थान खोले जाएंगे। इनमें युवाओं के हुनर को निखारा जाएगा और उन्हें रोजगार मुहैया कराने में मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यूपी कौशल विकास मंत्रालय की प्राथमिकता में है।

उप चुनाव में सभी 12 सीट जीतेगी भाजपा
उन्होंने विधानसभा उप चुनाव वाली सभी 12 सीटों पर भाजपा की जीत का दावा किया। कहा, सपा-बसपा एक साथ लड़ें या अलग-अलग वह न सिर्फ अपनी जीती सीटें जीतेंगे, बल्कि रामपुर और अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट भी जीतेंगे। जहां से क्रमश: सपा के मो. आजम खां व बसपा के रितेश पांडेय विधायक थे।

उन्होंने राहुल गांधी के वायनाड में पीएम मोदी को नफरत बांटने वाला बताने पर कहा कि वे अमेठी हार गए तो क्या वहां भी भाजपा नफरत बांट रही थी। अमेठी में उनकी हार का कारण वादाखिलाफी है। जब उनसे यह पूछा गया कि अखिलेश यादव ने महादेवा मंदिर में रुद्राभिषेक के बाद कहा कि वह भाजपा की तरह दिखावा नहीं करते। इस पर पांडेय ने कहा कि अखिलेश का बयान ही दिखावा है। फिर भी उन्होंने रुद्राभिषेक तो किया, इसके लिए उन्हें शुभकामनाएं।

अलीगढ़ घटना के दोषियों को दिलाएंगे कड़ी सजा
पांडेय ने अलीगढ़ में ढाई साल की मासूम की हत्या की निंदा करते हुए कहा है कि इसे कानून-व्यवस्था से जोड़ना ठीक नहीं है। योगी शासन में यूपी की कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है। व्यक्तिगत रंजिश या दूषित मानसिकता से ग्रस्त लोगों की तरफ से की जाने वाली वारदातों को सरकार की प्रशासनिक क्षमता से नहीं जोड़ना चाहिए।

कहा कि अलीगढ़ की घटना के दोषियों को फास्ट ट्रैक न्यायालय के जरिये कड़ी सजा दिलाई जाएगी। कहा, पहले की सरकारें अपराधियों की जाति व वर्ग को देखकर कार्रवाई करती थीं, लेकिन भाजपा सरकार के लिए अपराधी सिर्फ अपराधी है।

Related Articles

Back to top button