उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

बोतलबंद पानी भी बन सकते हैं कैंसर का कारण!

पर्यावरण मंत्री ने की अपील, लेकर घर से चलो थैला, न करो देश को मैला

डी.एन. वर्मा

लखनऊ : विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक को लेकर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ.अरुण कुमार सक्सेना, चेयरमैन रविंद्र प्रताप (प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) और मेंबर सेक्रेटरी संजीव कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का उद्घाटन किया। पर्यावरण मंत्री ने लोगो से अपील करते हुए आह्वान किया कि सिंगल यूज प्लास्टिक से बचना चाहिए क्योंकि यह पर्यावरण के लिए बहुत हानिकारक है। जब भी कहीं बाहर जाएं, घर से पानी लेकर जाएं, प्लास्टिक बोतलों और पाउच के पानी से बचें, खासकर सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से। प्लास्टिक पर्यावरण को नुक़सान पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालते हैं। बोतल से प्लास्टिक के कण पानी में घुलकर कैंसर का कारण भी बन सकते हैं। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम है-एंडिंग प्लास्टिक पैलूशन ग्लोबली।

पर्यावरण को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी : डा रवीन्द्र सिंह

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन डॉ.रविंद्र प्रताप सिंह ने पर्यावरण मंत्री के साथ डॉ.प्रतिभा सिंह द्वारा लिखी पुस्तक ‘फ्रीडम फ्राम प्लास्टिक पॉलूशन विथ वन थॉट सॉलूशन’ का विमोचन भी किया। रवीन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्लास्टिक हमारी प्रकृति के लिए अभिशाप है, इससे धरती बंजर हो सकती है, हजारों जानवर हर साल इसको खाकर अपनी जान गवां देते हैं। प्लास्टिक के स्थान पर कागज़ और बांस से बनी चीजों का प्रयोग करना चाहिए। खाली बोतलों और डब्बों व पुरानी बाल्टी में पौधे लगाकर इसे रीयूज कर हम अपनी प्रकृति को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान को कम कर सकते हैं। पर्यावरण अभियंता प्रवीण कुमार ने पर्यावरण मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि हम सभी को मंत्री जी द्वारा बताये गये सुझावों का अनुसरण करना चाहिए ताकि हम पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बना सके। अंत में पर्यावरण मंत्री को स्मृति चिन्ह और पौधा देकर सम्मानित किया गया। मंत्री जी ने हस्ताक्षर करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सीएमएस के छात्रों के पेंटिंग और डिबेट से बताए प्लास्टिक के दुष्परिणाम

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सिटी मांटेसरी स्कूल की सभी ब्रांचों के विद्यार्थियों ने प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरण के नुक़सान पर पेंटिंग, डिबेट, प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता में इसके दुष्परिणाम पर अपने विचार व्यक्त किए और अपने सुझाव दिए। आयोजकों ने विजेता बच्चों को सम्मानित किया। सभी अभिभावकों और अतिथियों को पौधा और जूट का थैला देकर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन रविंद्र प्रताप सिंह, सदस्य सचिव संजीव कुमार सिंह, मुख्य पर्यावरण अधिकारी राजेन्द्र सिंह, सी आर्या पर्यावरण इंजीनियर, रितेश तिवारी पर्यावरण अभियंता, रितेश कुमार मौर्या सहायक पर्यावरण अभियंता डॉ.अलका सिंह सहायक वैज्ञानिक अधिकारी डॉ.आरती गुप्ता और विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button