जेठ ने विधवा बहू पर किया था एसिड अटैक, नवंबर से जंग लड़ रही पीड़िता ने तोड़ा दम

इंदौर : ग्वालियर के कंपू इलाके में नवंबर महीने में एक शख्स ने अपनी विधवा बहू पर तेजाब से हमला कर दिया था। आरोपी पीड़िता का जेठ है। बहू ने जेठ से शादी करने से मना कर दिया था। महिला के पति की मौत के बाद आरोपी उस पर लगातार निकाह के लिए दबाव बना रहा था। आरोपी ने घर में घुसकर बच्चों के सामने महिला पर तेजाब फेंक दिया था जिससे वह बुरी तरह झुलस गई थी। पीड़िता की आंखों की रोशनी तक चली गई थी। पीड़िता का दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा था। आखिरकार उसने रविवार को दम तोड़ दिया।
बता दें कि पीड़िता के पति का करीब 10 महीने पहले निधन हो चुका था। नवंबर में ग्वालियर में पीड़िता पर उसके दिवंगत पति के बड़े भाई मुशीर खां ने एसिड से हमला किया था। इस हमले में वह बुरी तरह जल गई थी। इस हमले के बाद पीड़िता को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
एसिड अटैक पीड़ितों के लिए वहां उपयुक्त इलाज नहीं मिलने के कारण दिल्ली एम्स में ट्रांसफर कराया गया था। दिल्ली एम्स में पीड़िता की कई सर्जरी हुई थी। उसकी कई और सर्जरी हुई थी। आखिरकार गहरे इन्फेक्शन के कारण पीड़िता को बचाया नहीं जा सका।
घटना मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के कंपू इलाके की है। पीड़िता मायके में रह रही थी। बताया जाता है कि जब वह मुशीर खां से निकाह के लिए राजी नहीं हुई तो वह हैवान बन गया। उसने मायके पहुंच कर मासूम बच्चों के सामने पीड़िता पर तेजाब फेंक दिया था।
हमले में पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे दिखना भी बंद हो गया। बहू पर तेज फेंकने के बाद मुशीर खां छिप गया था। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। पीड़िता के पिता का आरोप था कि उनकी बेटी पर उसका जेठ निकाह करने का दबाव डाल रहा था। इसकी वजह से वह अपने मायके में रहने लगी थी। आरोपी ने वहां भी तीन बार उनके घर के कमरे में घुसकर जबरदस्ती करने की कोशिश कर चुका था।



