दिल्लीराज्य

सावधान दिल्ली! 8 महीने बाद कोरोना की इतनी ज्यादा रफ्तार, मौतों में भी इजाफा

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। 8 महीने बाद इतनी अधिक रफ्तार से कोरोना यहां पैर पसार रहा है। 24 घंटे में 1,372 नए केस सामने आए हैं तो 6 मरीजों की मौत हो गई है। संक्रमण दर बढ़कर 17.85 फीसदी पहुंच गई है, जोकि 21 जनवरी के बाद सबसे अधिक है। यह आंकड़े 7 अगस्त के हो सकते हैं, क्योंकि सरकार ने सोमवार को हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया। 21 जनवरी को दिल्ली में पॉजिटिविटी दर 18.04 फीसदी थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल 7,686 सैंपल की जांच की गई, जिसमें 1372 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

नए मरीजों के बाद दिल्ली में कुल केसों की संख्या बढ़कर 19,70,899 हो गई है तो मृतकों की संख्या बढ़कर 26,336 हो गई है। दिल्ली में रविवार को 2,423 केस सामने आए थे। संक्रमण की दर 14.97 फीसदी थी और दो मरीजों ने दम तोड़ा था। वहीं, शनिवार को 2311 केस सामने आए थे और संक्रमण दर 13.84 फीसदी दर्ज की गई थी। शुक्रवार को 12.95 फीसदी संक्रमण दर के साथ 2,419 मरीज संक्रमित पाए गए थे। उस दिन 2 मरीजों की मौत हुई थी।

गुरुवार को राजधानी में 11.84 फीसदी संक्रमण दर के साथ 2,202 केस सामने आए थे। बुधवार को दिल्ली में 2,073 मरीज सामने आए थे और संक्रमण दर 11.64 फीसदी थी। उस दिन 5 मरीजों की मौत हुई थी। इससे पहले 25 जून को 6 मरीजों की जान गई थी। दिल्ली में अब एक्टिव केस 7,484 है, जोकि एक दिन पहले के 8,048 से कम है। 5,650 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों मं 9,407 बिस्तर मरीजों के लिए आरक्षित हैं जिनमें से 490 पर मरीज भर्ती हैं। दिल्ली में अभी 242 कंटेनमेंट जोन्स हैं। दिल्ली में ओमिक्रॉन के सबवेरिएंट BA.4 और BA.5 के केस मिले हैं, जो बेहद संक्रामक हैं। इस साल जनवरी में दिल्ली में एक दिन में सर्वाधिक 28,867 केस दर्ज किए गए थे। 14 जनवरी को सर्वाधिक पॉजिटिविटी रेट 30.6 फीसदी थी।

Related Articles

Back to top button