पंजाबराज्य

नकली सोने पर कर्ज लेने वाले 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, 3 गिरफ्तार

तलवंडी साबो : तलवंडी साबो पुलिस ने एक गोल्ड एंड लोन कंपनी में नकली सोना रखकर कर्ज लेने वाले गिरोह के 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 4 तोला नकली सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।

डी.एस.पी. तलवंडी साबो बूटा सिंह गिल ने कहा कि तलवंडी साबो में सोना व कर्ज देने वाला आई.आई. एफ.एल. कंपनी की शाखा में 2 व्यक्ति नकली सोना लेकर गोल्ड लोन लेने पहुंचे तो मैनेजर अमित कुमार को शक हुआ। जिसके बाद उन्होंने सोने की जांच कराई, जिसमें सोना नकली निकला। कंपनी मैनेजर अमित कुमार के बयान पर थाना तलवंडी साबो में ए.एस.आई. जगतार सिंह ने मामला दर्ज कर थानाध्यक्ष गुरदीप सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू की।

इस दौरान पुलिस टीम ने 3 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से 4 तोला नकली सोना बरामद किया, जबकि तीनों कथित आरोपियों की तलाश जारी है। डी.एस.पी. तलवंडी साबो ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड पहले एक गोल्ड लोन कंपनी में काम करता था और उसे कर्ज लेने की अंदरुनी जानकारी थी। पूर्व में भी इन्होंने कई जगहों पर नकली सोना रखकर लाखों रुपए का कर्ज लिया है, जिसकी हम जांच कर रहे हैं।

थानाध्यक्ष गुरदीप सिंह के मुताबिक मलकाना निवासी जितेंद्र कुमार, राम मिश्रा, गुरविंदर सिंह, सतनाम सिंह व गुरसेवक सिंह निवासी मूसा (मनसा) व रमनदीप सिंह निवासी कोटली कलां (मनसा) के खिलाफ दर्ज कर राम मिश्रा, जितेंद्र कुमार व गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि तलवंडी साबो पुलिस ने जिला पुलिस प्रमुख के निर्देश पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button