टॉप न्यूज़राष्ट्रीय

चंपई सोरेन 30 अगस्त को भाजपा में होंगे शामिल, क्या झारखंड के राजा बनेंगे कोल्हान टाइगर?

रांची: झारखंड में हेमंत सोरेन को बड़ा झटका लग सकता है। पार्टी से बगावत करने के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के दूसरे पार्टी में जाने की चर्चा तेज हुई थी। इस बीच, बताया जा रहा है कि चंपई सोरेन 30 अगस्त को रांची में भाजपा में शामिल होंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को इस बात की घोषणा की।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होंगे। शर्मा ने कहा कि सोरेन 30 अगस्त को रांची में पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ सोरेन की मुलाकात की एक तस्वीर पोस्ट की। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सह-प्रभारी शर्मा भी बैठक में शामिल थे।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे देश के दिग्गज आदिवासी नेता चंपई सोरेन जी ने कुछ समय पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। वह 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल होंगे।

झामुमो पर अपमान करने का आरोप
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सोरेन ने पार्टी नेतृत्व पर उनका अपमान करने का आरोप लगाया था और घोषणा की थी कि वह जल्द ही अपने अगले राजनीतिक कदम के बारे में फैसला करेंगे। झामुमो नेता ने कहा था कि अगर उन्हें अगली यात्रा के दौरान कोई समान विचारधारा वाला संगठन या मित्र मिल गया तो वह किसी भी संगठन से हाथ मिला सकते हैं। उन्होंने कहा, “मैं पार्टी को मजबूत करूंगा, नयी पार्टी बनाऊंगा और अगर रास्ते में कोई अच्छा दोस्त मिल गया तो दोस्त के साथ आगे बढ़ूंगा…”। ऐसे में यह अनुमान लगाया जा रहा था कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

वैकल्पिक रास्ता तलाशने के लिए किया गया मजबूर
उन्होंने 18 अगस्त को ‘एक्स’ पर की गई अपनी पोस्ट का हवाला देते हुए कहा था, “मैंने वही पोस्ट किया जो मुझे उचित लगा। पूरा देश जानता है कि मैंने क्या सोचा।” भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच वरिष्ठ नेता ने कहा था कि मुख्यमंत्री के तौर पर उन्हें “घोर अपमान” का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उन्हें वैकल्पिक रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ा। चंपई सोरेन ने कहा, “इतने अपमान के बाद, मुझे वैकल्पिक रास्ता तलाशने के लिए मजबूर होना पड़ा।”

Related Articles

Back to top button