पंजाब

मई में बारिश और ओले से चंडीगढ़ का पारा गिरा, पिछले दो साल में सबसे कम रहा

चंडीगढ़। शहर बुधवार को दिन में 40 डिग्री पर तपा। लेकिन देर रात अचानक मौसम ने करवट ली और करीब 1.30 बजे 70-80 किमी की रफ्तार पर धूलभरी आंधी चली। इस वजह से लोगों को परेशानी हुई। कई जगह पेड़ गिरने की वजह से कई सड़कें बंद हो गईं। कई पार्कों में भी पेड़ गिरे। वहीं, कई सेक्टरों में बिजली की सप्लाई भी बाधित हुई। इसके बाद रात करीब 2 बजे बारिश शुरू हो गई। इससे अधिकतम तापमान में करीब 4.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वीरवार को अधिकतम तामपान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आगे मौसम साफ रहेगा। वहीं पंजाब व हिमाचल में भी कई जगह रात को बारिश व ओले गिरे। गौरतलब है कि पिछले दो साल में मई की महीने का यह सबसे न्यूनतम तापमान रहा है। साल 2020 में 19.6 और साल 2019 में 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले कई दिनों से शहरवासियों को गर्मी से राहत है। मई में अब तक चार बार पश्चिमी विक्षोभ आ चुके हैं। ये सभी पश्चिमी विक्षोभ काफी मजबूत रहे हैं।

देर रात एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से शहर में देर रात आंधी तूफान चला। रात 1 बजकर 25 मिनट पर शुरू हुई आंधी तूफान के साथ बारिश भी शुरू हो गई जो कि सुबह 4 बजकर 40 मिनट तक जारी रही। पिछले 24 घंटे में शहर में 7 एमएम बारिश मौसम विभाग ने दर्ज़ की है। हालांकि सुबह होते होते मौसम एक बार फिर साफ़ हो गया। लेकिन तापमान में आई कमी के कारण गर्मी का ज्यादा एहसास नहीं हुआ।

चंडीगढ़ मौसम केंद्र के डायरेक्टर मनमोहन सिंह के मुताबिक शुक्रवार से मौसम एक बार फिर साफ़ हो जाएगा। अगले तीन दिन तापमान में इजाफा होगा। 22 तारीख को एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। फ़िलहाल यह कहना कि वह कितना मजबूत है, कहा नहीं जा सकता। वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। जो कि सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहा। वही न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री की गिरावट देखी गई। तापमान 20 डिग्री रिकार्ड हुआ है।

आगे कैसा रहेगा मौसमः
शुक्रवार को आसमान साफ़ रहेगा। अधिकतम तापमान 38 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने के आसार है। शनिवार को भी आसमान साफ़ रहेगा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button