पंजाब

Chandrayaan 3: UGC ने शिक्षण संस्थानों को जारी किए ये निर्देश, पढ़ें पूरी खबर

लुधियाना: यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यू.जी.सी.) ने देश की यूनिवर्सिटीज़ एवं कालेजों से कहा है कि वे 23 अगस्त को चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग देखने के लिए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रोत्साहित करें। यू.जी.सी. ने इस संबंध में सभी यूनिवर्सिटीज़ एवं कालेजों से आग्रह किया है। इसमें कहा गया है कि विद्यार्थियों और शिक्षक संकाय के लिए एक विशेष सभा का आयोजन किया जाए जिससे वे भी इस गौरवशाली क्षण का हिस्सा बन सकें।

चंद्रयान-3 बुधवार को शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चांद की सतह पर लैंड करेगा। इस ऐतिहासिक पल के गवाह विद्यार्थी भी बन सकें, इसके लिए यू.जी.सी. ने एक कदम उठाया है। नोटिस में कहा गया है, ”जैसा कि आपको मालूम है कि भारत चंद्रयान-3 के माध्यम से अंतरिक्ष अन्वेषण में महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित करने जा रहा है। यह भारतीय विज्ञान, इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकी और उद्योग के लिए एक अहम कदम होगा।””

इसमें कहा गया है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग एक यादगार पल है जो न केवल जिज्ञासा को बढ़ावा देगी बल्कि हमारे युवाओं के मन में नवाचार के लिए एक जुनून भी पैदा करेगी। आयोग ने कहा कि इससे गर्व और एकता की गहरी भावना पैदा होगी क्योंकि हम सामूहिक रूप से भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी की शक्ति का जश्न मनाएंगे। यू.जी.सी. ने कहा है कि इसका सीधा प्रसारण 23 अगस्त को शाम 5 बजकर 27 मिनट से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की वैबसाइट isro.gov.in, youtube.com/watch?v=DLA_64yz8Ss इस लिंक पर देख सकते है और वहीं Facebook पर https://facebook.com/ISRO पर लाइव लैंडिंग देख सकते है। आयोग ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों से आग्रह किया जाता है कि वे इस दिन शाम 5 बजकर 30 मिनट से 6 बजकर 30 मिनट तक विशेष आयोजन करें और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को इसमें सक्रिय हिस्सेदारी एवं लाइव स्ट्रीमिंग देखने के लिए प्रेरित करें।

Related Articles

Back to top button