देहरादून: मेरठ से प्रयागराज तक प्रस्तावित 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के अलाइनमेंट में बदलाव किया गया है। अब इस एक्सप्रेसवे का विस्तार अमरोहा और बिजनौर के रास्ते हरिद्वार तक किया जाएगा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकारों की सहमति के बाद नया अलाइनमेंट फाइनल कर दिया गया है।
मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी का ग्रीनफील्ड कॉरिडोर
गंगा एक्सप्रेसवे देश की प्रमुख ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में शामिल है। मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज तक जाने वाला यह मार्ग उत्तर प्रदेश के 12 से अधिक जिलों से होकर गुजरता है। पहले चरण में मेरठ से हरिद्वार को जोड़ने का प्रस्ताव था, लेकिन उस अलाइनमेंट पर सहमति नहीं बन सकी थी। इसके बाद नए सिरे से कनेक्टिविटी विकल्पों पर काम किया गया।
यूपीडा ने तैयार किया नया विस्तार प्लान
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने अमरोहा से हरिद्वार तक करीब 140 किलोमीटर लंबे विस्तार का नया अलाइनमेंट तैयार किया है। इस प्रस्तावित विस्तार के तहत एक्सप्रेसवे बिजनौर जिले को भी जोड़ेगा। विस्तार के बाद हरिद्वार का सीधा सड़क संपर्क पूर्वांचल के कई जिलों से हो जाएगा। इसे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच मजबूत आर्थिक सेतु के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्य सचिव के सामने पेश हुआ प्रेजेंटेशन
मंगलवार को सचिवालय में यूपीडा के अधिकारियों ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के समक्ष विस्तारीकरण की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रस्तुतीकरण में भूमि अधिग्रहण की स्थिति, यूटिलिटी शिफ्टिंग, पर्यावरणीय स्वीकृतियां और पर्यावरण प्रभाव आकलन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई।
बिजनौर को मिलेगा एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लाभ
मेरठ से प्रयागराज तक के मुख्य कॉरिडोर को बिजनौर से जोड़ने की मांग लंबे समय से उठती रही है। नए अलाइनमेंट में अमरोहा से शुरू होकर यह एक्सप्रेसवे लिंक कॉरिडोर के जरिए बिजनौर को जोड़ेगा। इससे गंगा तटीय पर्यटन और क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गंगा के दायीं ओर से गुजरेगा नया मार्ग
नए अलाइनमेंट में एक्सप्रेसवे की दिशा भी बदली गई है। पहले इसे हरिद्वार में गंगा के बाईं ओर से निकाला जाना प्रस्तावित था, लेकिन अब यह गंगा के दायीं दिशा से गुजरेगा। लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडेय के अनुसार, यूपीडा की ओर से सचिवालय में प्रस्तुतीकरण दिया गया है और नया अलाइनमेंट हरिद्वार को बिजनौर और अमरोहा से सीधे जोड़ेगा।




