उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी का ऐलान: देवभूमि में घृणित और कट्टरपंथी सोच को नहीं मिलेगा स्थान

चंपावत: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ शब्दों में कहा है कि देवभूमि में किसी भी कीमत पर घृणित और कट्टरपंथी सोच को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित और प्रदेश की अस्मिता की रक्षा के लिए कठोर फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी।

पूर्णागिरि मेले का विधिवत शुभारंभ

उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेला का शुक्रवार को ठुलीगाड़ से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने मेले को पूरे वर्ष संचालित करने की दिशा में कार्य करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि धाम को स्थायी और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का लक्ष्य तय किया गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए आवागमन सुगम बनाने और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने 74.54 करोड़ रुपये की लागत से नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

कांग्रेस पर साधा निशाना

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भी सरकार जनहित में कोई ठोस निर्णय लेती है, कांग्रेस की तथाकथित “अर्बन नक्सल टूलकिट” सक्रिय हो जाती है। विकास और सुधार के हर कदम को भटकाने की कोशिश की जाती है।

धामी ने कहा कि जिन घुसपैठियों को कांग्रेस ने देवभूमि में शरण दी, उन्हें सरकार ने बाहर का रास्ता दिखाया है, इसलिए विपक्ष को तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि विकास और देवभूमि की अस्मिता की रक्षा के लिए लिए गए कठोर निर्णय विपक्ष को हजम नहीं हो रहे, लेकिन उत्तराखंड की जागरूक जनता सब समझती है कि सरकार के फैसले राजनीति के लिए नहीं, बल्कि प्रदेशहित में हैं।

आईटीबीपी जवानों से मुलाकात, बढ़ाया मनोबल

मुख्यमंत्री ने लोहाघाट स्थित 36वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का दौरा कर देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात हिमवीरों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जवानों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।

धामी ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में हिमवीरों का योगदान अतुलनीय है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों में तैनात जवान देशवासियों की सुरक्षा का सशक्त कवच हैं। उन्होंने कहा कि होली और अन्य पर्वों पर परिवार से दूर रहकर मातृभूमि की रक्षा में समर्पित इन वीरों का त्याग और बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।

Related Articles

Back to top button