राजस्थानराज्य

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, चेहरे पर आई खुशियां

धौलपुर : मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार निरंतर भर्तियां कर रही हैं। विभिन्न विभागों में जो भी रिक्त पद होंगे, उनका कलेंडर तैयार किया जाएगा। लगातार भर्तियां निकाल कर उन्हें भरेंगे। इसी तरह के रोजगार उत्सव होते रहेंगे। युवाओं को रोजगार के लिए राज्य सरकार कृत संकल्प है। मुख्यमंत्री शर्मा, शनिवार को जयपुर में टैगोर इंटरनेशनल स्कूल ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव प्रदेश स्तरीय समारोह में संबोधित कर रहे थे। विभिन्न विभागों में नवनियुक्त लगभग 20 हजार अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा-बड़े से बड़े माफियाओं को छोड़ा नहीं जाएगा। ये आने वाली युवा पीढ़ी हमारे देश को आगे बढ़ाने का काम करेगी।

प्रदेश के युवाओं से रोजगार का वादा किया था। हम धीरे-धीरे इस ओर बढ़ रहे हैं। सरकार लोक कल्याण, जन कल्याण के लिए कृत संकल्पित है। हमारे मन में भाव होता है कि अधिकाधिक रोजगार दें। लोकसेवक के कर्तव्य को राष्ट्रहित में बखूबी निभाएं। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र व वेलकम किट सौंपे। राज्य स्तरीय समारोह में कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, विशिष्ट अतिथि शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता राज्य मंत्री केके विश्नोई, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने भी संबोधित किया।

सीएम शर्मा ने वीसी के जरिये कोटा, बालोतरा, दूदू, खैरथल-तिजारा सहित अन्य जिलों के चुनिंदा लाभार्थियों से संवाद भी किया। अधिकतर युवाओं ने कहा कि राज्य सरकार ने नकल माफियाओं की कमर तोड़कर रख दी। परीक्षाओं में नकल पर रोकथाम के लिए किए गए सरकार के प्रयासों को सराहा।

नगर परिषद टाउन हॉल में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर निधि बी टी ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दी और राज्य सरकार का आभार भी व्यक्त किया। जिला कलेक्टर ने जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जिले में नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र एवं वेलकम किट भी सौंपे। जिला कलक्टर ने नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नव नियुक्त कार्मिक अंतिम पायदान पर बैठे लोगों की भलाई के लिए कार्य करें, लोकसेवा महज एक नौकरी नहीं है बल्कि एक लोक दायित्व होता है। इस अवसर पर एडीएम ब्रह्मलाल जाट, विभिन्न विभागीय अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर, नीरजा शर्मा नवनियुक्त कार्मिक एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button