राज्य

जम्मू-कश्मीर में चिल्ले खुर्द की दस्तक, आज से 10 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी के आसार

जम्मू। कड़ाके की ठंड के दौर चिल्ले कलां के खत्म होते ही अब जम्मू-कश्मीर में चिल्ले खुर्द भी असर दिखाने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से 10 फरवरी तक कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। एक फरवरी को अधिकतर क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की बारिश, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और तेज हवाएं चल सकती हैं।

रात में फिर बिगड़ सकता है मिजाज
दो फरवरी की रात को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। तीन फरवरी को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश होगी, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है। चार से छह फरवरी के बीच मौसम साफ रहने का अनुमान है।

सात फरवरी को दोबारा बदलाव के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार सात फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं आठ से 10 फरवरी के बीच मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। शनिवार को भी दिनभर कई इलाकों में हल्के बादल छाए रहे और शाम के समय शीत लहर का असर महसूस किया गया।

जम्मू-कश्मीर में तापमान का हाल
जम्मू में अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री और न्यूनतम 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 15.5 और न्यूनतम 0.8 डिग्री रहा, जबकि बटोत में दिन का अधिकतम 15.7 और न्यूनतम 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कश्मीर घाटी में बढ़ी ठंड
कटड़ा में अधिकतम तापमान 18.0 और न्यूनतम 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम में दिन का अधिकतम 13.6 और न्यूनतम 0.6 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 10.8 और न्यूनतम माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा। कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान माइनस 2.2 और कोकरनाग में माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पर्यटन स्थल गुलमर्ग में दिन का अधिकतम तापमान 6.0 और न्यूनतम माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

20 दिन का चिल्ले खुर्द शुरू
चिल्ले कलां के शुक्रवार को समाप्त होने के बाद शनिवार से 20 दिनों के चिल्ले खुर्द यानी छोटी ठंड का दौर शुरू हो चुका है। इसके बाद 10 दिनों का चिल्ले बच्चा यानी हल्की ठंड का समय रहेगा, जिसमें ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा।


Related Articles

Back to top button