देहरादून: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
लुधियाना से आए श्रद्धालुओं की नाव यमुना में पलटी
दरअसल, उत्तर प्रदेश के मथुरा में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ, जब पंजाब के लुधियाना से वृंदावन घूमने आए करीब 30 श्रद्धालुओं से भरी नाव यमुना नदी में पलट गई। हादसे के बाद सभी श्रद्धालु नदी में गिर गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत बचाव के लिए दौड़ पड़े।
10 की मौत, 15 सुरक्षित; 5 लोगों की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 15 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
तेज हवा के चलते बिगड़ा संतुलन, पुल से टकराकर पलटी नाव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार को तेज हवा चल रही थी। दोपहर करीब पौने तीन बजे हवा के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पैंटून पुल से टकरा गई। टक्कर के बाद नाव पलट गई और उसमें सवार सभी लोग यमुना नदी में गिर गए।
मृतकों में 6 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल
इस हादसे में जान गंवाने वालों में 6 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान आशा रानी पत्नी अर्जुन मिड्डा निवासी भिवाड़ी हरियाणा, पिंकी पत्नी चरणजीत, कविता पत्नी विजय कुमार, मीनू, अंजू पत्नी राकेश गुलाटी, चरणजीत, रिकेश गुलाटी, मधुर बहल, इसान कटारिया और सपना निवासी जगरांव पंजाब के रूप में हुई है।
ओवरलोडिंग बनी हादसे की बड़ी वजह
प्रशासनिक स्तर पर शुरुआती जांच में सामने आया है कि नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे संतुलन बिगड़ने पर हादसा हुआ। उपजिलाधिकारी ऋतु सिरोही ने भी ओवरलोडिंग को हादसे का कारण बताया है। फिलहाल गोताखोरों की टीम यमुना में लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
SEO Keywords:
Mathura boat accident, Yamuna river tragedy, Vrindavan boat accident, Pushkar Singh Dhami reaction, Ludhiana pilgrims accident, UP boat accident news, pontoon bridge accident, NDRF rescue Mathura, मथुरा नाव हादसा, यमुना नदी दुर्घटना, वृंदावन हादसा, पुष्कर सिंह धामी बयान, लुधियाना श्रद्धालु हादसा, नाव पलटने की घटना




